लखनऊ। बाबासाहेब भीमराव अंबेडकर विश्वविद्यालय (बीबीएयू) ने शैक्षणिक सत्र 2026-27 से एमएससी इंटीरियर एंड स्पेस डिजाइन नामक दो वर्षीय स्नातकोत्तर पाठ्यक्रम शुरू किया है। यह विद्यार्थियों को इंटीरियर एवं स्पेस डिजाइन में दक्ष बनाएगा। इसमें 40 सीटें उपलब्ध हैं और प्रति सेमेस्टर शुल्क 20,000 रुपये निर्धारित है।
डिपार्टमेंट ऑफ फैमिली रिसोर्स मैनेजमेंट की विभागाध्यक्ष शालिनी अग्रवाल ने बताया कि पाठ्यक्रम रचनात्मक सोच व आधुनिक डिजाइन तकनीकों पर केंद्रित है। इसमें इंटीरियर डिजाइन, स्पेस प्लानिंग, फर्नीचर डिजाइन सहित कई आधुनिक डिजाइन तकनीकें शामिल हैं। प्रोजेक्ट आधारित व्यावहारिक प्रशिक्षण उद्योग की आवश्यकताओं के अनुरूप कौशल विकसित करेगा। गुणवत्तापूर्ण इंटीरियर डिजाइन की बढ़ती मांग को देखते हुए, यह रोजगार व स्वरोजगार के अवसर देगा।
प्रवेश सीयूईटी-पीजी के माध्यम से होंगे। नॉन-सीयूईटी अभ्यर्थियों को भी उपलब्ध सीटों पर प्रवेश का अवसर मिलेगा। प्रवेश प्रक्रिया जारी है।