लखनऊ। लखनऊ विश्वविद्यालय में फीस वृद्धि के विरोध में प्रदर्शन कर रहे तीन छात्रों के निष्कासन के बाद शुरू हुआ धरना बुधवार को नौवें दिन भी जारी रहा। इस दौरान देर शाम सांसद तनुज पुनिया भी छात्रों के समर्थन में धरना स्थल पर पहुंचे। उन्होंने कहा कि छात्रों के साथ हुए अन्याय के प्रकरण को लोकसभा सदन में उठाएंगे। उन्होंने छात्रों पर एफआईआर, निलंबन और निष्कासन जैसी कार्रवाई को वापस लेने की मांग की। धरने का नेतृत्व कर रहे छात्र नेता प्रिंस प्रकाश, प्रेम प्रकाश और हर्षित शुक्ला ने कहा कि विवि प्रशासन लगातार संवाद से बच रहा है। कांग्रेस के राष्ट्रीय प्रवक्ता सुरेंद्र राजपूत भी छात्रों से मिलने पहुंचे।