आलमबाग। मानकनगर के बाराबिरवा चौराहे के पास सोमवार देर रात विपरीत दिशा से आ रही तेज रफ्तार कार की टक्कर से बाइक सवार दीपांशु (22) की मौत हो गई जबकि दोस्त दीपक गंभीर रूप से घायल हो गया। कार चालक मौके से फरार हो गया। बिजनौर के छुहारा खेड़ा निवासी दीपांशु के पिता सतीश रावत के मुताबिक बेटा दीपांशु अपने दोस्त दीपक के साथ देर रात रिश्तेदार के घर से लौट रहा था। तभी देव हॉस्पिटल के पास हादसा हुआ। पुलिस ने दोनों को लोकबंधु अस्पताल पहुंचाया, जहां दीपांशु को मृत घोषित कर दिया गया। पुलिस ने दोनों के मोबाइल से मिले नंबरों की मदद से दोनों के परिजनों को सूचना दी। घायल दीपक का उपचार जारी है। दीपांशु के पिता सतीश ने अज्ञात कार चालक के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई है। थाना प्रभारी अजीत सिंह ने बताया कि एफआईआर दर्ज कर सीसीटीवी कैमरों की मदद से कार चालक का पता लगाया जा रहा है।