लखनऊ। अमीनाबाद के हाता फकीर मोहम्मद कच्चा निवासी कारोबारी मो. आबिद ने पांच लोगों पर जमीन दिलाने के नाम पर 50 लाख रुपये ठगने का आरोप लगाया है। उन्होंने कोर्ट के आदेश पर सात नवंबर को चिनहट थाने में धोखाधड़ी और धमकी की एफआईआर दर्ज कराई है। मूलरूप से अंबेडकरनगर के बसखारी स्थित रसूलपुर निवासी प्रॉपर्टी डीलर मो. आबिद के अनुसार जून 2024 में उनकी मुलाकात पीलीभीत निवासी इमरान खान, उसके भाई फैजान खान, जीशान खान, सलमान खान और मां जिन्नत बेगम से हुई थी। आरोप है कि इन लोगों ने बीबीडी इलाके में छह बिस्वा जमीन 75 लाख रुपये में बेचने की बात कही। आरोपियों ने किस्तों में आबिद से करीब 50 लाख रुपये ले लिए। रकम लेने के बावजूद उन्होंने न तो जमीन की रजिस्ट्री कराई और न ही रुपये लौटाए। रुपये मांगने पर आरोपियों ने धमकी दी। पुलिस से सुनवाई न होने पर आबिद ने कोर्ट का सहारा लिया। इंस्पेक्टर चिनहट दिनेश चंद्र मिश्रा ने बताया कि सभी आरोपियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर जमीन से संबंधित दस्तावेज और लेनदेन की जांच की जा रही है।