विपरीत दिशा से आ रही डीसीएम में फंसकर घिसटा बाइक सवार, गई जान
बख्शी का तालाब। आउटर रिंग रोड पर सोमवार सुबह विपरीत दिशा से आ रही सीमेंट लदी डीसीएम एक बाइक से टकरा गई। बाइक समेत चालक डीसीएम में फंसकर करीब 50 मीटर तक घिसटता चला गया। हादसे में बाइक सवार दूध विक्रेता अजय वीर यादव (42) की मौत हो गई। चालक डीसीएम छोड़कर भाग निकला। पुलिस ने वाहन कब्जे में लेकर चालक की तलाश शुरू कर दी है।
लालपुर गांव निवासी अजय के भाई अमर ने बताया कि सुबह करीब 10:30 बजे अजय आउटर रिंग रोड के पास मैदान में खेल रहे बेटे अनुज को लेने गए थे। वह मैदान के बाहर खड़े होकर बेटे को आवाज लगा रहे थे। इसी दौरान हादसा हो गया। लोगों ने चालक को डीसीएम रोकने के लिए काफी कहा लेकिन वह नहीं माना और रफ्तार बढ़ा दी। 50 मीटर तक घिसटने के बाद डीसीएम अपने आप रुकी तो चालक भाग गया।
पुलिस और स्थानीय लोगों ने अजय को बाहर निकाला लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी। अनुज ने हादसे की जानकारी दी।परिवार में पत्नी सरोज, एक बेटा और एक बेटी है। इंस्पेक्टर संजय सिंह ने बताया कि परिजनों ने तहरीर नहीं दी है। (संवाद)