लखनऊ। पारा में नहर तिकुनिया मार्ग पर जयपुरिया मोड़ के पास सोमवार रात करीब 8:30 बजे अज्ञात वाहन की टक्कर से बाइक सवार युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। पुलिस ने एंबुलेंस-108 से उसे रानी लक्ष्मीबाई अस्पताल पहुंचाया, जहां करीब एक घंटे बाद उपचार के दौरान मौत हो गई।
इंस्पेक्टर सुरेश सिंह के मुताबिक, मृतक की पहचान काकोरी के मौदा निवासी संदीप यादव (32) के रूप में हुई है। वह निजी काम से जा रहे थे। पीछे से आए वाहन ने बाइक में टक्कर मार दी, जिससे वह करीब 10 फीट दूर जा गिरे। हादसे के समय उन्होंने हेलमेट नहीं पहना था। हादसे की जानकारी परिजनों को दे दी है। तहरीर मिलने पर रिपोर्ट दर्ज कर वाहन चालक की तलाश की जाएगी।