लखनऊ। गोसाईंगंज में मंगलवार दोपहर तेज रफ्तार ट्रक की टक्कर से बाइक सवार दो दोस्तों की मौत हो गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि बाइक सवार दोनों युवक 20 मीटर तक बाइक सहित घिसटते चले गए।
सुशांत गोल्फ सिटी के निजामपुर मझिंगवा गांव निवासी सूरज रावत (21) और स्वयं सिंह (20) दोस्त थे। दोनों पेंटिंग का काम करते थे। मंगलवार दोपहर दोनों बाइक से काम पर जा रहे थे। रायपत गांव के पास पीछे से आ रह ट्रक उनकी बाइक से टकरा गया। आरोपी चालक ट्रक लेकर भाग निकला। हादसे में स्वयं सिंह की मौके पर ही मौत हो गई। राहगीरों की सूचना पर डायल 112 पुलिस टीम ने गंभीर रूप से घायल सूरज को ट्राॅमा सेंटर पहुंचाया। वहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। इंस्पेक्टर डीके सिंह ने घटना की जानकारी से इन्कार किया है। उनका कहना है कि शिकायत मिलने पर कार्रवाई की जाएगी।