लखनऊ। बीबीडी क्षेत्र निवासी युवक ने पत्नी के प्रेमी पर नाबालिग बेटी से छेड़छाड़ का आरोप लगाया है। यही नहीं विरोध करने पर आरोपी ने बेटी को बेल्ट से पीटा। पीड़ित ने आरोपी के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई है।
मूलरूप से मऊ जनपद निवासी किसान बीबीडी इलाके में परिवार के साथ रहते हैं। उनके अनुसार, कुछ दिन पहले उनकी पत्नी अपने प्रेमी राहुल साथ चली गई। वह घर से रुपये, जमीन के पेपर और चारों बच्चों को साथ ले गई। आरोप है कि 29 अप्रैल को उनकी 11 वर्षीय बेटी रोते हुए घर पहुंची। उस वक्त वह मऊ में थे। बेटी ने दादा-दादी को बताया कि उसके साथ मां के प्रेमी ने गलत हरकत की है। खबर पाकर वह भी मऊ से भागकर लखनऊ पहुंचे।
बेटी ने बताया कि राहुल जबरन उससे घर का काम करवाता था। रात में वह उसके साथ छेड़छाड़ करता था। विरोध करने पर बेल्ट से पीटता था। 29 अप्रैल को वह मौका पाकर वहां से भाग निकली।
डीसीपी के आदेश पर एफआईआर दर्ज
पीड़ित पिता का आरोप है कि उन्हों बेटी के साथ थाने पहुंचकर शिकायत की। पर पुलिस ने ध्यान नहीं दिया और उन्हें टरका दिया गया। कुछ दिन बाद उन्होंने डीसीपी पूर्वी से मामले की शिकायत की। डीसीपी के आदेश पर बीबीडी थाने में राहुल के खिलाफ छेड़छाड़, मारपीट व पॉक्सो के तहत रिपोर्ट दर्ज की गई। इंस्पेक्टर राम सिंह ने बताया कि आरोपी राहुल की तलाश जारी है।