लखनऊ। मंगलवार दोपहर करीब साढ़े बारह बजे जनसुविधा दिवस के दौरान स्मार्ट सिटी ऑफिस में एक युवक का गला भर आया। बंगला बाजार के रहने वाले रोहित गुप्ता ने मंडलायुक्त रोशन जैकब को बताया, मैडम... तीन साल से घर में अंधेरा है। मां दिव्यांग हैं। बिजली वालों ने कनेक्शन काट दिया, मीटर तक उखाड़ ले गए। वह 32 हजार रुपये का बकाया बिल किस्तों में जमा करना चाहते हैं, पर विभाग सुनने को तैयार नहीं। मामला सुनकर मंडलायुक्त ने तुरंत बिजली विभाग के इंजीनियर को बुलाकर किस्तों में बिल लेने और कनेक्शन बहाल करने का निर्देश दिया।
57 में सिर्फ तीन का निस्तारण
जनसुविधा दिवस में बिजली विभाग की मनमानी को लेकर कई शिकायतें आईं। मंडलायुक्त रोशन जैकब, एलडीए वीसी प्रथमेश कुमार और नगर आयुक्त गौरव कुमार ने लोगों की समस्याएं सुनीं। कुल 57 मामलों में सिर्फ तीन का मौके पर निस्तारण हुआ, बाकी को आश्वासन देकर लौटा दिया गया।
कलाकार बोलीं – अमिताभ, मनोज के साथ काम किया, पर बिजली विभाग से हार गई
स्मार्ट सिटी कार्यालय में पहुंचीं कलाकार सुजाता सिंह ने रोते हुए बताया, तीन साल से दुकान में अंधेरा है। बिजली कनेक्शन नहीं मिल रहा। विभाग पुराने मालिक का नाम लेकर एनओसी मांग रहा है। अब बताइए, जब दुकान मेरी है तो एनओसी किससे लाएं? सुजाता ने कहा कि वह ‘गुलाबो सिताबो’, ‘मिर्जापुर टू’, ‘हमारे राम’ जैसी फिल्मों में अमिताभ बच्चन, मनोज बाजपेयी और अरुण गोविल के साथ काम कर चुकी हैं, पर बिजली विभाग से काम नहीं करा पा रहीं। मंडलायुक्त ने दुकान की रजिस्ट्री देखकर कनेक्शन देने का आदेश दिया।
ये मामले भी आए
- केसरी खेड़ा में खसरा संख्या 1293, 1294, 1295 की राजस्व रिकाॅर्ड में तालाब दर्ज है। यहां एक भू-माफिया के अवैध रूप से कब्जा करने की शिकायत आई। मंडलायुक्त ने नगर निगम के अधिकारियों को तत्काल अवैध कब्जा हटाने और भूमाफिया पर एफआईआर दर्ज कराने के निर्देश दिए।
- फरीदीनगर में पिकनिक स्पॉट रोड पर कुदरत, मुन्नू व अविनाश सिंह के अवैध निर्माण कराने की शिकायत आई। शिकायतकर्ता ने यह भी बताया कि पूर्व में दी गई शिकायत पर कार्रवाई नहीं हुई। इस पर मंडलायुक्त ने एलडीए अधिकारियों को संबंधित निर्माण को सील करने के निर्देश दिए।
- ग्राम सैदपुर जागीर में खसरा संख्या 240, 244 की सरकारी जमीन को फर्जी बैनामा से बेचे जाने का मामला भी आया। इस पर भी मंडलायुक्त कार्रवाई के निर्देश दिए।
- जनकल्याण एवं विकास समिति साउथ सिटी के अध्यक्ष आदित्य कुमार गुप्ता ने मंडलायुक्त को बताया कि काॅलोनी में 1100 वर्ग मीटर जमीन कम्युनिटी सेंटर के लिए छोड़ी गई थी, जिस पर अवैध कब्जा हो गया है, उसे खाली कराया जाए।
- बंगला बाजार के रामदीन भारती ने बताया कि एलडीए कानपुर रोड योजना में उकनी 12 बिस्वा जमीन अधिगृहीत की थी। इसका मुआवजा भी नहीं मिला। कोर्ट से वह केस भी जीत गए और अब जमीन उनके नाम आ गई है, मगर जब खतौनी निकाली तो उसमें किसी स्कूल का नाम दर्ज है, जबकि मौके पर जमीन खाली है। इस पर मंडलायुक्त ने एलडीए वीसी को जांच कराने के निर्देश दिए।