नगराम। क्षेत्र के छतौनी गांव में फर्राटा पंखे में आ रहे करंट की चपेट में महिला आ गई। मां को तड़पता देख बच्ची बचाने दौड़ी तो वह भी करंट में चिपक गई। इससे दोनों की मौत हो गई। फर्राटा पंखे में करंट कैसे उतारा यह स्पष्ट नहीं हो सका है।
नगराम के छतौनी गांव में मजदूर सुनील रावत परिवार संग रहते हैं। शनिवार को वह मजदूरी करने गए हुए थे। दोपहर में पत्नी सुनीता 29 फर्राटा वाला पंखा लगाकर सरसों की ओसाई का काम कर रही थीं। पंखे को घुमाने के दौरान करंट आने से वह पंखा समेत जमीन पर गिर गईं। मां को चीख सुन बेटी अनमोल (9) बचाने आई तो वह भी चिपक गई।
सुनीता और अनमोल करीब 15 मिनट तक बेसुध हालत में पड़े रहे। घर में मौजूद सुनील की दो बेटियों व एक बेटे ने मदद के लिए शोर मचाया तो ग्रामीण दौड़ पड़े। उन्होंने प्लग से पंखे का तार निकाला और दोनों को निजी अस्पताल ले गए। यहां से सीएचसी मोहनलालगंज रेफर कर दिया गया, लेकिन डॉक्टर ने दोनों को मृत घोषित कर दिया। वहीं, सुनील सीएचसी पहुंचे और पत्नी व बेटी के शव को देख फूट-फूट कर रोने लगे।