लखनऊ। चारबाग डिपो के 33 संविदा चालक रोडवेज बसों का 744 लीटर डीजल पी गए। खराब औसत देने के चलते रोडवेज को ईंधन पर अतिरिक्त खर्च करना पड़ा, जिसे लेकर चालकों से वसूले के आदेश दिए गए हैं। किस्तों में चालकों से कुल 60 हजार रुपये की रिकवरी होगी।
चारबाग डिपो के सहायक क्षेत्रीय प्रबंधक जितेंद्र कुमार ने बताया कि सीनियर फोरमैन चारबाग डिपो की ओर से खराब डीजल औसत की रिपोर्ट भेजी गई, जिसमें यह पाया गया कि डिपो के संविदा बस चालक डीजल औसत को लेकर संजीदगी नहीं बरत रहे हैं। उनकी लापरवाही के चलते डीजल औसत खराब हुआ, ऐसे में 744 लीटर डीजल दुरुपयोग किया गया। चालकों ने तय से अधिक खपत की। उन्होंने बताया कि 33 संविदा बस चालकों से 744 लीटर डीजल की रिकवरी होगी। इसके लिए 88 रुपये प्रति लीटर की दर से चालकों के मानदेय से रकम काटी जाएगी। उन्हें दो से चार किस्तों में यह रकम चुकानी होगी।