लखनऊ। दी इंस्टीट्यूट ऑफ कंपनी सेक्रेटरीज ऑफ इंडिया ने बृहस्पतिवार को कंपनी सेक्रेट्री के प्रोफेशनल और एक्जीक्यूटिव परीक्षा के नए व पुराने दोनों पाठ्यक्रम का परिणाम जारी कर दिया है। राजधानी में करीब 21 से ज्यादा अभ्यर्थियों ने सीए प्रोफेशनल के सभी मॉड्यूल में सफलता प्राप्त की है। लखनऊ चैप्टर के चेयरमैन सीएस अतुल कुमार रावत ने बताया कि प्रोफेशनल के पुराने कोर्स के मॉड्यूल प्रथम में 27.88 व द्वितीय में 28.26 और तृतीय में 33.37 प्रतिशत अभ्यर्थियों ने सफलता हासिल की है। वहीं, नए कोर्स के प्रथम मॉड्यूल में 19.39 प्रतिशत, द्वितीय में 17.81 और तृतीय में 34.52 प्रतिशत अभ्यर्थी उत्तीर्ण हुए हैं।
लखनऊ चैप्टर से सीएस प्रोफेशनल में सफलता प्राप्त करने वालों में जसगुनीत कौर, नयनतिका, अनुप्रिया ओझा, आकांक्षा निगम, आस्था सिंह, पुष्पिता दास गुप्ता, जीनू जैकब, भाव्या गोयल, रिषुल भसीन, रिद्घि अग्रवाल, आयुषी, पूजा पांडेय, प्राची तिवारी, देवांश मिश्रा, दीपिका मिश्रा, शहज प्रीत कौर, शुभी सिंघल, अंकिता श्रीवास्तव, अंकित श्रीवास्तव, मेधा जैन, प्रियंका भट्ट शामिल हैं। चेयरमैन सीएस अतुल कुमार रावत ने बताया कि एग्जीक्यूटिव प्रोग्राम के पुराने सिलेबस के प्रथम मॉड्यूल में 15.21 प्रतिशत व द्वितीय में 21.28 प्रतिशत अभ्यर्थियों ने सफलता प्राप्त की है। नए सिलेबस के प्रथम मॉड्यूल में 8.27 और द्वितीय में 15.49 प्रतिशत अभ्यर्थी उत्तीर्ण हुए हैं। उन्होंने बताया कि प्रोफेशनल के पुराने कोर्स में औरंगाबाद परीक्षा केंद्र से सुदर्शन विजय कुमार महर्षि और नए कोर्स में वापी परीक्षा केंद्र से तान्या प्रदीप ग्रोवर ने ऑल इंडिया प्रथम रैंक हासिल की है, जबकि एग्जीक्यूटिव के पुराने कोर्स में जयपुर परीक्षा केंद्र से तन्मय अग्रवाल और नए कोर्स में इंदौर परीक्षा केंद्र से आकांक्षा गुप्ता ने ऑल इंडिया प्रथम रैंक हासिल की।