अरविंद कुमार ने बताया कि इसी वर्ष जनवरी में शुरू हुई 41,520 पदों के लिए भर्ती प्रक्रिया भी 15 दिसंबर तक पूरी कर ली जाएगी। हालांकि, इस भर्ती प्रक्रिया के लिए जून में निरस्त हुई द्वितीय पाली की परीक्षा 25 और 26 अक्टूबर को होनी है।
उन्होंने बताया कि 18 और 19 जून को उक्त पदों के लिए हुई परीक्षा के दोनों दिन इलाहाबाद और एटा के एक-एक सेंटर पर गलती से दूसरी पाली का प्रश्नपत्र पहली पाली में खोल दिया गया था। जिसके बाद दोनों दिनों की द्वितीय पाली की परीक्षा को निरस्त कर दिया गया था।
प्रमुख सचिव गृह ने बताया कि 25 अक्तूबर को एक पाली में दोपहर बाद तीन बजे से पांच बजे के मध्य और 26 अक्तूबर को दो पाली में 10 से 12 और 3 से 5 बजे के बीच परीक्षा कराई जाएगी। यह परीक्षा 16 जिलों के 482 केंद्रों पर आयोजित की जाएगी। हर पाली में 3.25 लाख अभ्यर्थियों के बैठने की व्यवस्था की गई है।
उन्होंने बताया कि अभ्यर्थियों को परीक्षा केंद्रों के बारे में तीन दिन पहले भर्ती बोर्ड की वेबसाइट के माध्यम से सूचित किया जाएगा। लिखित परीक्षा का परिणाम 1 दिसंबर को और चयन सूची (अंतिम परिणाम) 15 दिसंबर को घोषित की जाएगी।