विधायक कुलदीप सिंह सेंगर का रसूख जेल में भी दिखा। विधायक से रोजाना 20 से 25 लोग जेल में मिलने आते थे। कभी-कभी यह संख्या और बढ़ जाती थी। इन आंकड़ों के हिसाब से अब तक करीब 10 हजार से ज्यादा लोग विधायक से मुलाकात कर चुके हैं। सेंगर 14 महीने से सीतापुर जेल में हैं।
सूत्रों के मुताबिक कुछ लोग पर्ची लगाकर विधायक से मिलते थे, तो कुछ जेल प्रशासन को सिर्फ प्रार्थना पत्र देकर। रसूखदारों के मुलाकात का तौर-तरीका अलग था। सीबीआई जांच का सामना कर रहे विधायक को अब मुलाकातियों के बारे में भी जवाब देना पड़ रहा है। सबसे बड़ी मुसीबत जेल प्रशासन के सामने है।
विधायक के मुलाकातियों के बारे में सीबीआई को जवाब देने में जेल प्रशासन के भी पसीने छूट रहे हैं। जेल अधीक्षक डीसी मिश्रा इस संबंध में पूछने पर बोले- बाद में बताएंगे। बता दें सेंगर सीतापुर जेल में मई 2018 में आए थे। सूत्रों के मुताबिक तब से शायद ही ऐसा कोई दिन रहा हो, जब उनसे लोग मुलाकात करने न आए हों।
साक्षी महाराज भी जेल में कर चुके हैं मुलाकात
सेंगर से जेल में मुलाकात करने वालों में उन्नाव के सांसद साक्षी महाराज, बदायूं के भाजपा विधायक समेत अन्य पार्टियों के कई विधायक, पूर्व विधायक, चेयरमैन शामिल हैं। कई अफसर भी सेंगर से जेल में मिले हैं। सूत्रों के मुताबिक इन लोगों की मुलाकात किस तरह कराई गई, इसका जवाब जेल प्रशासन ही दे सकता है।
दो बंदी रक्षक हटाए गए, जांच शुरू
सेंगर को लेकर वायरल हुए दो वीडियो का संज्ञान लेते हुए आला अफसरों ने कार्रवाई की है। जेल में तैनात दो बंदी रक्षकों को हटा दिया गया। बंदी रक्षक महेंद्र यादव को फतेगढ़ व सत्य प्रकाश वर्मा को मऊ जेल स्थानांतरित किया गया है। जेल अधीक्षक का कहना है कि दो बंदी रक्षकों को हटाकर उनके खिलाफ विभागीय जांच की जा रही है।