पशुपालन विभाग में ठेका दिलाने के नाम पर करोड़ों रुपये की ठगी और नमक खरीद घोटाले के मुख्य आरोपी मोंटी गुर्जर ने पुलिस की पूछताछ में कोई भी नई जानकारी नहीं दी है। पुलिस ने बताया कि मोंटी से मंगलवार को एसटीएफ के अधिकारियों ने भी पूछताछ की और उसके पूर्व में दिए गए बयानों का मिलान कराया।
मोंटी गुर्जर की रिमांड का मंगलवार को दूसरा दिन था। पुलिस अधिकारियों के मुताबिक मोंटी ने सचिवालय के नेटवर्क के बारे में पूर्व में दी गई जानकारियों को ही दोहराया है। बुधवार को उसकी रिमांड की अवधि समाप्त हो रही है। राजस्थान के जयपुर स्थित खातीपुरा वैशालीनगर निवासी मोंटी को आठ नवंबर को एसटीएफ ने जयपुर एयरपोर्ट से गिरफ्तार किया था। वह दुबई भागने की फिराक में था। हजरतगंज में मोंटी के खिलाफ पशुपालन विभाग में टेंडर दिलाने के नाम पर ठगी की एफआईआर के अलावा वह विभूतिखंड थाना में दर्ज नमक खरीद घोटाले में भी मुख्य आरोपी है।