गरज-चमक बारिश के साथ पूर्वी उप्र में दस्तक दे चुका मानसून अगले दो से चार दिनों में राजधानी लखनऊ समेत पूरे प्रदेश में मानसूनी बारिश बौछारों से तर बतर कर सकता है। मौसम विज्ञानियों ने ऐसा अनुमान जताया है।
आंचलिक मौसम विज्ञान के निदेशक जेपी गुप्ता ने रविवार शाम को बताया कि मानसूनी करंट सुस्त मूवमेंट दिखा रहा है। शनिवार को यूपी में आने के बाद गोरखपुर-वाराणसी इलाके में मौजूदगी दर्शाने के बाद इसने रविवार को बहराइच आदि इलाकों को कवर किया।
रविवार को मानसूनी सिस्टम की मौजूदा चाल के हिसाब से अगले 48 से 96 घंटों के दौरान ये लखनऊ समेत प्रदेश के अन्य हिस्सों को भी मानसूनी बारिश में भिगोना शुरू कर सकता है।
चूंकि मानसून को अनुकूल परिस्थितियां उस स्तर की नहीं मिल पा रही हैं, इसलिये उसकी सुस्त मूवमेंट दिख रही है। उधर, रविवार को सुबह से ही पूर्वी उप्र समेत राजधानी और उसकेनजदीकी इलाकों में बादलों की आवाजाही के बीच बूंदाबांदी से मौसम खुशनुमा बना रहा।