काकोरी कस्बे में लाल मुंह के कटखने बंदर की दहशत कम होने का नाम नहीं ले रही है।
सोमवार सुबह एक बार फिर इस लाल मुंह के कटखने बंदर ने इलाके के 8 लोगों को दौड़ा-दौड़ा कर काटा। हमले में एक व्यक्ति बुरी तरह से घायल हो गया। उसे गंभीर हालत में लखनऊ के अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक सोमवार सुबह दशहरी चौराहे पर कटखने बंदर ने वहां से गुजर रहे लोगों को काटा। बंदर के हमले में इलाके के कमर (22), जगदेव (33) अमित (13), राकेश (42), राजू (14), संजय (27), अंकुर (3) और तेज प्रताप (30) घायल हो गए।
घायलों के पेट, पैर और हाथों में चोटें आई हैं। बंदर केहमले से यहां अफरा-तफरी मच गई, लोगों ने बंदर को भगाने के लिये दौड़ाया तो उल्टे उसने हमला कर दिया।
घायलों में एक की हालत गंभीर होने पर उसे ग्रामीणों ने इलाज के लिए लखनऊ भेज दिया है। लोगों ने बताया कि काफी दिनों से कटखने बंदर ने आंतक मचा रखा है।
दो महीना पहले नौबस्ता गांव की एक बुजुर्ग महिला की इस बंदर के काटने से ही दर्दनाक मौत हो गई थी।
बंदर की दहशत के चलते नौबस्ता, अमेठिया, बाजनगर पहिया आजमपुर, नवीनगर दशहरी इलाकों की महिलाएं और बच्चे अपने खेतों में जाने से डरते हैं।