लखनऊ। अहिबरनपुर उपकेंद्र के बागशाह जी मोहल्ले में बृहस्पतिवार सुबह बारिश के दौरान बंदर केबल में फंस गया। करंट से उसकी मौत होने के साथ 75 घरों की बिजली 50 मिनट के लिए गुल हो गई।
लोगों ने बताया कि सुबह 8:30 बजे जोरदार धमाके के साथ बिजली चली गई। बंदर के केबल में फंसने पर दूसरे बंदरों के झुंड ने उत्पात मचाया। कर्मचारी मुश्किल से बंदरों को हटा पाए। इसके बाद 9:20 बजे बिजली चालू हो सकी।
उधर, बारिश के कारण गोमतीनगर व विस्तार, विकासनगर, जानकीपुरम, त्रिवेणीनगर, अमीनाबाद, आलमबाग, आशियाना, राजाजीपुरम, हजरतगंज, जॉपलिंग रोड में 30 से 50 मिनट तक बिजली आपूर्ति में बाधा आई। ज्यादातर इलाकों में पेटी फ्यूज जलने से समस्या आई। विराजखंड में वास्तु खंड का छोटा इलाका फॉल्ट के कारण एक घंटे तक बिजली संकट की चपेट में रहा। उतरेठिया ओल्ड के बल्देव विहार, काकोरी, दुबग्गा, हरदोई रिंग रोड सहित आसपास के इलाके में एक-एक घंटे तक बिजली ठप रही।
इनकमिंग फीडर में धमाका
मोहनलालगंज। बारिश के बीच सुबह आठ बजे ओल्ड उपकेंद्र के इनकमिंग फीडर में धमाके से मोहनलालगंज, मऊ, सिसेंडी व आसपास की बत्ती शाम तक गुल रही। एक्सईएन श्रवण कुमार सिंह ने बताया कि इनकमिंग पैनल बदलने के बाद आपूर्ति बहाल हुई। समेसी उपकेंद्र में फॉल्ट से बहरौली मीरखनगर समेसी टाऊन, नगराम नगर पंचायत फीडरों की सप्लाई सुबह से शाम तक बाधित होती रही। एसडीओ अमित पोपले ने बताया कि 33 तो कभी 11 केवी लाइन में फॉल्ट से बिजली गुल रही।