लखनऊ में गोमतीनगर के एक रेस्टोरेंट में रविवार रात फौजियों की पार्टी में शामिल महिला अफसरों से शोहदों ने छेड़छाड़ की। फौजियों ने इसका विरोध किया तो शोहदे उग्र हो गए। उन्होंने कुर्सी, गमले व कांच के गिलास से हमला बोल दिया।
मारपीट में एक फौजी का सिर फूट गया। सोमवार दोपहर चार शोहदों के खिलाफ छेड़छाड़ व मारपीट की धारा में प्राथमिकी दर्ज कराई गई। वरिष्ठ उपनिरीक्षक राजेश यादव ने बताया कि रविवार रात उजरियांव के रेस्टोरेंट में फौजियों की दावत चल रही थी।
इसमें डॉ. आर्मी के अधिकारी विशाल चौधरी और लव पाठक के साथ दो महिला अफसर भी थीं। रात करीब 11 बजे रेस्टोरेंट में मौजूद आलोक सिंह, मुरली पांडेय, अंकित सिंह व उनके एक साथी ने महिला अफसरों को देखकर कमेंट शुरू कर दिए।
विरोध करने पर शोहदों ने छेड़छाड़ की। डॉ. विशाल और लव पाठक ने रोकने की कोशिश की तो शोहदे भिड़ गए। कुर्सी, गमले व गिलास से हमला कर दिया, जिसमें लव पाठक का सिर फट गया। खून-खराबा होते देख रेस्टोरेंट में भगदड़ व अफरा-तफरी मच गई।
सीसीटीवी कैमरों की निकलवाई गई फुटेज
डेमो
इसके बाद शोहदे भाग निकले। सूचना पाकर आई पुलिस लव पाठक को लोहिया अस्पताल ले गई। सोमवार दोपहर डॉ. विशाल चौधरी ने आलोक सिंह, मुरली पांडेय व अंकित सिंह सहित चार लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई।
वरिष्ठ उपनिरीक्षक का कहना है कि रेस्टोरेंट में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज निकलवाई गई है। आरोपियों की पहचान कर उन्हें दबोचने के लिए टीम रवाना है। उधर, कैंट की जनसंपर्क अधिकारी गार्गी सिन्हा का कहना है कि शोहदों ने महिला अफसरों से अभद्रता व छेड़छाड़ की। विरोध करने पर मारपीट की, जिसकी एफआईआर दर्ज करा दी गई है।