आम सभा की बैठक में बोलते मो. यूनुस सिद्दीकी। (सफेद कुर्ते में)
लखनऊ। तालकटोरा इंडस्ट्रियल स्टेट इंडस्ट्रीज ओनर्स एसोसिएशन की शुक्रवार को हुई आम सभा की बैठक में मो. यूनुस सिद्दीकी को लगातार 16वीं बार अध्यक्ष चुना गया। सत्र 2026-27 के लिए दिनेश चंद्र अग्रवाल को उपाध्यक्ष और दीपक बिरमानी को महामंत्री चुना गया है। निर्वाचन अधिकारी अमित जायसवाल ने विधिवत रूप से चुनाव परिणामों की घोषणा की। अध्यक्ष चुने जाने पर सिद्दीकी ने सदस्यों का आभार व्यक्त किया और संगठन के सतत विकास के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराई। उन्होंने इस सत्र के लिए अपनी प्रमुख प्राथमिकताएं रेखांकित कीं। इनमें तिकोना पार्क में पौधरोपण, सौंदर्यीकरण और उद्योग प्रेरणा स्थल का निर्माण प्रमुख हैं। जिला उद्योग केंद्र, डीआईसी भवन, तालकटोरा में जीर्णोद्धार कार्य शुरू कराने का भी संकल्प लिया गया। बैठक का समापन महामंत्री दीपक बिरमानी ने आभार प्रकट कर किया।