रेलवे ट्रैक के किनारे मिला महिला का शव।
- फोटो : amar ujala
मोहनलालगंज के मानखेड़ा के पास शुक्रवार सुबह रेलवे ट्रैक पर 35 वर्षीय महिला का शव अर्धनग्न अवस्था में पड़ा मिला। स्थानीय लोगों ने शव देखकर पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंचे पिता ने शव की पहचान अपनी बेटी वंदना के रूप में की। पुलिस प्रथमदृष्टया ट्रेन के आगे कूदकर आत्महत्या किए जाने की आशंका जता रही है। हालांकि, मौत की असली वजह पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट होगी।
पुलिस के मुताबिक मान खेड़ा के रामसनेही की बेटी वंदना बृहस्पतिवार रात घर से कहीं चली गई थी। शुक्रवार सुबह रेलवे ट्रैक पर उसका शव मिलने की सूचना मिली। वंदना की शादी वर्ष 2010 में बेनीगंज गांव के एक किसान से हुई थी। वर्ष 2012 में पति-पत्नी के बीच अलगाव हो गया था। इसके बाद से वह मायके में ही रह रही थी।
इंस्पेक्टर रामबाबू सिंह ने बताया कि वंदना मानसिक रूप से कमजोर थी और अक्सर बिना बताए घर से चली जाती थी। आशंका है कि उसने ट्रेन के आगे कूदकर जान दी है। पुलिस मामले के सभी पहलुओं की जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत का कारण स्पष्ट हो सकेगा।