बहनोई के अंतिम संस्कार में शामिल होने जा रहे बाइक सवार दंपति की सड़क हादसे में मौत हो गई, जबकि उनका बेटा गंभीर रूप से घायल हो गया। बृहस्पतिवार शाम मोहनलालगंज के हरकंशगढ़ी के पास पीछे से आए डंपर ने बाइक में टक्कर मार दी। टक्कर लगने से बाइक अनियंत्रित हो गई और दंपति सड़क पर गिर पड़े। इसी दौरान डंपर उन्हें रौंदता हुआ निकल गया। हादसे के बाद चालक डंपर रोककर मौके से फरार हो गया। घायल पिता-पुत्र और पत्नी को पुलिस ने एंबुलेंस से पीजीआई स्थित ट्रामा सेंटर-टू पहुंचाया, जहां उपचार के दौरान शुक्रवार को दंपति की मौत हो गई। बेटे का इलाज चल रहा है।
पुलिस के मुताबिक बाराबंकी के देवा रोड स्थित छतेना गढ़ी निवासी वासुदेव (58) अपनी पत्नी विमला (54) और बेटे आदित्य (27) के साथ बछरावां, रायबरेली में रहने वाले अपने बहनोई हरभजन के अंतिम संस्कार में शामिल होने जा रहे थे। बृहस्पतिवार शाम करीब पांच बजे उनकी बाइक हरकंशगढ़ी के पास पहुंची, तभी पीछे से आए डंपर ने टक्कर मार दी। इससे बाइक अनियंत्रित हो गई और वासुदेव व विमला सड़क पर गिर पड़े। इसी दौरान डंपर दोनों को कुचलता हुआ आगे निकल गया। हादसे में बाइक चला रहा बेटा भी गंभीर रूप से घायल हो गया।
घटना के बाद मौके पर जुटे लोगों ने पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने तीनों को एंबुलेंस से अस्पताल पहुंचाया। शुक्रवार को उपचार के दौरान वासुदेव और उनकी पत्नी विमला ने दम तोड़ दिया। वहीं, घायल बेटे का उपचार जारी है। वासुदेव श्रमिक थे और परिवार का भरण-पोषण करते थे। उनके परिवार में तीन बेटे हैं। हादसे में माता-पिता की मौत से परिवार में मातम छा गया। इंस्पेक्टर रामबाबू सिंह के मुताबिक डंपर को पुलिस ने कब्जे में लेकर चालक की तलाश कर रही है। तहरीर मिलने पर केस दर्ज किया जाएगा, बाईक श्रमिक का बेटा चला रहा था।