लखनऊ। बलरामपुर अस्पताल के नेत्र रोग विभाग में अब मॉड्यूलर ओटी में ऑपरेशन होंगे। उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक व राज्यमंत्री मयंकेश्वर शरण सिंह ने मंगलवार को इसके साथ 35 बेड के नए वार्ड का भी उद्धाटन किया। इससे मरीजों को भर्ती होने की बेहतर सुविधा मिलेगी और सर्जरी के दौरान संक्रमण का खतरा भी कम होगा।
अस्पताल ने तीन फरवरी को स्थापना के 155 वर्ष पूरे किए हैं। स्थापना दिवस समारोह धूमधाम से मनाया गया था। व्यस्तता के चलते उप मुख्यमंत्री समारोह में नहीं पहुंच सके थे, जिससे मॉड्यूलर ओटी और वार्ड का शुभारंभ नहीं हो सका था।
अस्पताल के चिकित्सा अधीक्षक डॉ. हिमांशु चतुर्वेदी ने बताया कि करीब तीन करोड़ रुपये की लागत से तैयार की गई ओटी और नया वार्ड कार्यदायी संस्था ने हैंडओवर कर दिया था। वार्ड में 35 बेड पर मरीजों को भर्ती करके इलाज दिया जाएगा।
लोकार्पण कार्यक्रम में स्वास्थ्य महानिदेशक डॉ. आरपीएस सुमन, डीजी परिवार कल्याण डॉ. सुषमा सिंह, डीजी प्रशिक्षण डॉ. पवन कुमार अरुण, सीएमओ डॉ. एनबी सिंह, बलरामपुर अस्पताल के निदेशक डॉ. सुशील प्रकाश, सीएमएस डॉ. संजय तेवतिया और एमएस डॉ. हिमांशु चतुर्वेदी उपस्थित रहे।