प्रदेश में बिजली संकट के मुद्दे पर घिरी सपा सरकार के बचाव में जंतु उद्यान राज्यमंत्री डॉ. एसपी यादव उतर आए हैं।
उन्होंने कहा, भाजपाई बिजली संकट को लेकर यहां-वहां प्रदर्शन कर रहे हैं और इसके लिए सपा सरकार पर बदले का आरोप लगा रहे हैं।
वह भी ऐसे वक्त में जब प्रदेश के सांसद देश के प्रधानमंत्री और गृह मंत्री हैं तब भाजपाई क्यों न खुद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से सूबे के लिए बिजली की मांग कर लेते हैं।
कम से कम कोयला तो दे सरकार
रविवार को लखनऊ जू में चल रहे विकास कार्यों का जायजा लेने पहुंचे जंतु उद्यान राज्यमंत्री डॉ. यादव ने पत्रकारों के सवाल के जवाब में कहा, यूपीए सरकार के जाने के बाद मौजूदा एनडीए सरकार की ओर से प्रदेश को मिलने वाली बिजली में करीब एक हजार मेगावाट की कमी आई है।
गर्मी में संकट और भी बढ़ जाता है, ऐसे में या तो केंद्र सरकार हमें बिजली दे या हमारे कोटे का कोयला ही दे।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने प्रचार के दौरान गुजरात मॉडल की बात कही थी तो क्यों नहीं वो उसी गुजरात से बिजली सप्लाई करवा देते। जिनसे बंद पड़ी बिजली इकाईयां चलाई जा सकें और सूबे के लोगों को बिजली संकट से निजात मिल सके।
अखिलेश ने मोदी को लिखा था पत्र
बिजली संकट पर मुश्किलों का सामना कर रही सपा सरकार के मुखिया अखिलेश यादव ने इस मुद्दे पर पीएम मोदी को पत्र लिखाकर मदद की गुहार लगाई थी।
अखिलेश ने प्रदेश में बिजली की जबर्दस्त किल्लत को देखते हुए केंद्रीय कोटे की अधिकतम बिजली उपलब्ध कराने के साथ-साथ बिजलीघरों के लिए पर्याप्त कोयला आवंटित करने का अनुरोध किया गया था।
वहीं, केंद्र से अनावंटित कोटे की अधिकतम बिजली यूपी को मुहैया कराने का भी अनुरोध किया।