भारत की कम्युनिस्ट पार्टी (मार्क्सवादी) की पोलित ब्यूरो सदस्य वृंदा करात ने कहा कि केंद्र सरकार भ्रष्टाचारियों को बचाने की मुहिम में जुटी है।
ललित मोदी मामले में जिस तरह से दोषी भाजपा नेताओं को बचाया जा रहा है, उससे यह साबित हो गया है। केंद्र की जनविरोधी नीतियों के खिलाफ 20 जुलाई को पूरे देश में प्रदर्शन किया जाएगा।
वृंदा करात बुधवार को माकपा के राज्य कार्यालय में संवाददाताओं से मुखातिब थीं। उन्होंने कहा कि ललित मोदी को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और भाजपा अध्यक्ष अमित शाह बचा रहे हैं।
ललित मोदी के पास ढेर सारी ऐसी सूचनाएं हैं, जिनका खुलासा होने पर एनडीए सरकार संकट में घिर सकती है। व्यापम घोटाले पर केंद्र के ढुलमुल रवैये से स्पष्ट है कि मोदी सरकार साफ-सुथरा शासन नहीं दे सकती।
माकपा नेता ने कहा कि हाल ही में आई सामाजिक-आर्थिक जनगणना ने ग्रामीण भारत की भयावह तस्वीर पेश की है। 75 फीसदी ग्रामीण परिवारों की आमदनी 5 हजार रुपये से कम है। 92 फीसदी ग्रामीण परिवार 10 हजार रुपये से कम कमा पाते हैं।