भाजपा के वरिष्ठ नेता और सांसद लालजी टंडन ने कहा है कि वह चुनाव लड़ें या न लड़ें, सांसद रहें या न रहें, लखनऊ के लोगों की सेवा करते रहेंगे।
उनसे पूछा गया था कि क्या उन्होंने नरेंद्र मोदी को लखनऊ से चुनाव लड़ने के लिए आमंत्रित किया है। टंडन ने कहा, मोदी पर फैसला पार्टी करेगी।
जहां तक हमारी बात है तो मैं जब कुछ नहीं था तब भी जनता के काम करता रहता था। जब कुछ नहीं रहूंगा, तब भी जनता की सेवा करता रहूंगा।
टंडन ने इन खबरों को बेबुनियाद बताया कि उन्होंने चुनाव न लड़ने का फैसला किया है अथवा किसी के लिए सीट छोड़ने का ऐलान किया है।
कहा कि वह भाजपा के कार्यकर्ता हैं। इसलिए उनके या किसी अन्य नेता के बारे में फैसला पार्टी करेगी। रही मोदी की बात तो पार्टी जहां से चाहेगी वह वहां से चुनाव लड़ेंगे।
उन्होंने कहा, लखनऊ के लोगों से हमारा पारिवारिक रिश्ता है। इस रिश्ते के लिए कुछ होना या न होना बहुत मतलब नहीं रखता।