डॉ. राम मनोहर लोहिया आयुर्विज्ञान संस्थान।
लखनऊ। चलने-फिरने में परेशानी, रीढ़ की हड्डी में टेढ़ापन या शरीर का संतुलन बिगड़ने जैसी समस्याओं के इलाज में अब आधुनिक तकनीक मददगार होगी। इससे शरीर की मुद्रा से लेकर पैरों की चाल तक की बारीकी से जांच कर मरीज के लिए बेहतर पुनर्वास योजना तैयार की जा सकेगी। इसके लिए शनिवार को डॉ. राम मनोहर लोहिया आयुर्विज्ञान संस्थान में कार्यशाला हुई।
संस्थान के फिजिकल मेडिसिन एंड रिहैबिलिटेशन विभाग की ओर से आयोजित कार्यशाला में जर्मनी की कंपनी डियर्स इंटरनेशनल के विशेषज्ञ मार्को सोवा ने 3डी/4डी तकनीक से रीढ़, पोश्चर, पैरों की स्थिति और चाल की जांच का प्रदर्शन किया। स्कोलियोसिस, तंत्रिका तंत्र और मांसपेशियों से जुड़ी समस्याओं में इसकी उपयोगिता बताई। विभागाध्यक्ष प्रो. वीएस गोगिया के साथ आयोजन सचिव डॉ. अमित रंजन, डॉ. यशवीर सिंह, डॉ. स्निग्धा सिंह और प्रोस्थेटिक्स एवं ऑर्थोटिक्स टीम के सदस्य मौजूद रहे।