फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

काशी क्षेत्र को बनाएंगे विकास का मॉडल: मुख्यमंत्री योगी

Mon, 21 Sep 2020 10:57 PM IST
पंकज श्रीवास्‍तव न्यूज डेस्क, अमर उजाला, लखनऊ
विज्ञापन
सीएम योगी आदित्यनाथ - फोटो : amar ujala
विज्ञापन
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा है कि  काशी की धर्म, संस्कृति और कला को संरक्षित करने के साथ-साथ इसे आधुनिक और पुरातन के संगम का स्वरूप देकर विकास के मॉडल के रूप में प्रस्तुत करेंगे। इस दिशा में तेजी से काम जारी है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि समग्र काशी क्षेत्र को केंद्र में रखते हुए पर्यटन विकास की योजना तैयार की जाए।
विज्ञापन


मुख्यमंत्री योगी ने सोमवार को वाराणसी मंडल के वाराणसी, चंदौली, गाजीपुर व जौनपुर के विकास कार्यों की समीक्षा की। उन्होंने कहा कि ऐतिहासिक और पौराणिक महत्व के साथ-साथ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का संसदीय क्षेत्र होने के कारण काशी का विशिष्ट महत्व है। पिछले 6 वर्षों में काशी ने विकास की एक नई यात्रा शुरू की है। इसका लाभ आसपास के जिलों को भी मिल रहा है। मंडलीय समीक्षा बैठक में नगर विकास मंत्री आशुतोष टंडन, पर्यटन राज्य मंत्री नीलकंठ तिवारी, खेल व युवा कल्याण राज्यमंत्री उपेंद्र तिवारी, आवास एवं शहरी नियोजन राज्य मंत्री गिरीश यादव और ऊर्जा राज्यमंत्री रमाशंकर पटेल भी मौजूद थे।

एसआईटी जांच जल्द पूरी करने के निर्देश
समीक्षा बैठक में बताया गया कि गाजीपुर में 55, जौनपुर में 11, चंदौली में 8 और वाराणसी में 7 निर्माण परियोजनाओं में भ्रष्टाचार की शिकायत पर एसआईटी जांच चल रही है। इसकी वजह से काम प्रभावित हो रहा है। मुख्यमंत्री ने जांच प्रक्रिया तेजी से पूरी करने के निर्देश दिए है। उन्होंने कहा कि भ्रष्टाचार हुआ है तो उसकी वसूली सुनिश्चित की जाए, लेकिन किसी के भ्रष्टाचार का असर विकास कार्यों की गति पर नहीं पड़ना चाहिए।
विज्ञापन


चंदौली के डेडीकेटेड फ्रेट कॉरिडोर की अड़चन दूर कराएं
मुख्यमंत्री ने चंदौली में डेडिकेटेड फ्रे ट कॉरिडोर के लिए निर्माणाधीन 8 आरओबी के निर्माण की अड़चन दूर कराने का निर्देश वहां के डीएम को दिया है। डीएम ने बताया कि 2 आरओबी के लिए भूमि अधिग्रहण की कार्यवाही पूरी हो चुकी है। अन्य के लिए स्थानीय लोगों से संवाद व  समन्वय किया जा रहा है। मुख्यमंत्री ने कहा कि विकास कार्यों की परियोजना बनाते समय ही उसके उपयोगी और टिकाऊ होने की हर स्तर पर समीक्षा होनी चाहिए। कार्यदायी संस्था की क्षमता की परख कर लें और किसी भी दशा में बजट रिवीजन की जरूरत न आए। उन्होंने ओडीओपी के उत्पादों की ब्रान्डिंग, स्वयं सहायता समूहों को सशक्त बनाने व गो-आश्रय पर आधारित जीरो बजट खेती के लिए किसानों को प्रोत्साहित करने का निर्देश दिया। मुख्यमंत्री ने मंडल में बकाया गन्ना मूल्य के जल्द भुगतान के लिए मंडलायुक्त और जिलाधिकारियों को हर आवश्यक कदम उठाने के निर्देश दिए। आगामी पर्वों से पहले सड़कों को गड्ढामुक्त करने की कार्यवाही पूरी कर ली जाए।

स्मार्ट हो काशी, घर-घर पहुंचे नल
मुख्यमंत्री ने वाराणसी स्मार्ट सिटी तथा वाराणसी सहित अन्य जिलों में अमृत योजना के सभी कार्यों को मानक के अनुरूप तय समय में पूरा कराने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि स्मार्ट सिटी और अमृत योजना के प्रस्ताव तेज व पारदर्शी ढंग से स्वीकृत किए जाएं। मंडल में अमृत योजना के कार्यों को समय से पूरा किया जाए। उन्होंने योजना के तहत उपभोक्ताओं को पेयजल और सीवरेज कनेक्शन जल्द उपलब्ध कराने का निर्देश दिया।

समीक्षा, समयबद्धता और समन्वय पर जोर
मुख्यमंत्री ने विकास कार्यों की प्रगति का भौतिक सत्यापन कराकर समय से उपभोग प्रमाणपत्र देने और ग्राम सचिवालय के लिए भूमि का चिन्हांकन व प्रशासनिक स्वीकृति उपलब्ध कराकर ग्राम सचिवालय का शिलान्यास कराने का निर्देश दिया है। उन्होंने शहरी क्षेत्रों में 24 घंटे और ग्रामीण क्षेत्रों में 48 घंटे में खराब ट्रांसफार्मर बदलने की व्यवस्था का सख्ती से अनुपालन कराने को कहा है।

रामनगर की रामलीला का प्रसारण दूरदर्शन पर कराने की मांग
समीक्षा बैठक में एमएलसी लक्ष्मण आचार्य ने रामनगर की रामलीला का दूरदर्शन पर प्रसारण कराने की मांग की। मुख्यमंत्री ने कहा कि अधिकारी जनप्रतिनिधियों के साथ संवाद व समन्वय स्थापित कर विकास योजनाओं को गति दें। शासन व जिला स्तर के अधिकारी जनप्रतिनिधियों द्वारा संज्ञान में लाए गए मामलों पर तेजी से निर्णय लेकर कार्यवाही करें। अन्य स्थानीय जनप्रतिनिधियों ने क्षेत्रीय जरूरतों के अनुसार पुल तथा सड़क निर्माण की मांग रखी।
विज्ञापन


इन परियोजनाओं पर प्राथमिकता में कार्यवाही के निर्देश
- काशी हिंदू विश्वविद्यालय में निर्माणाधीन आईयूसीटीई भवन और 160 आवासीय भवनों का निर्माण कार्य।
- चंदौली में एल-3 लेवल के ट्रामा सेंटर का एल-2 लेवल उच्चीकरण में देर न की जाए।
- राजकीय आईटीआई जौनपुर के लिए भूमि संबंधी अवरोध तत्काल दूर की जाए।
- राष्ट्रीय राजमार्ग संख्या-29 वाराणसी-गाजीपुर सेक्शन के 72 किमी लंबाई के चार लेन चौड़ीकरण का काम तेजी से पूरा किया जाए।
- वाराणसी में 44.25 किमी लंबी रिंग रोड फेज-2 के निर्माण कार्य में देरी न हो।
- पंचकोसी परिक्रमा मार्ग (चितईपुर,भीमचंडी,जंसा, रामेश्वर,कपिलधारा) के निर्माण कार्य में श्रद्धालुओं की सुविधा को ध्यान में रखकर पूरा कराएं।
- वाराणसी शहर में गैस वितरण की परियोजना बिना देरी की पूरी की जाए। पाइपलाइन बिछाने में जनसुविधाओं का ध्यान रखें।
- जेएनएनयूआरएम अंतर्गत ट्रांस वरुणा सीवरेज कार्य में और देर मंजूर नहीं।
- चंदौली में बनने वाले राजकीय मेडिकल कॉलेज का निर्माण कार्य जल्द शुरू कराएं।
- जौनपुर में निर्माणाधीन उमानाथ सिंह राजकीय मेडिकल कॉलेज और गाजीपुर में राजकीय मेडिकल कॉलेज का निर्माण तेजी से पूरा कराएं।
- गाजीपुर में 200 बेड चिकित्सालय के निर्माण कार्य को प्राथमिकता पर पूरा किया जाए।
- गाजीपुर में एसटीपी स्थापना के लिए भूमि उपलब्ध कराई जाए।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें