उत्तर प्रदेश शिक्षक पात्रता परीक्षा (यूपी टीईटी) 2018 में परीक्षार्थियों के साथ ड्यूटी पर तैनात निरीक्षक और कर्मचारी भी मोबाइल नहीं ले जा सकेंगे। परीक्षा नियामक प्राधिकारी सचिव ने इस बाबत जरूरी दिशा-निर्देश जारी किए हैं।
डीआईओएस डॉ. मुकेश कुमार सिंह ने बताया कि परीक्षा के दौरान कर्मचारी और कक्ष निरीक्षक मोबाइल के साथ पकड़े गए तो उनपर कार्रवाई की जाएगी। परीक्षा केंद्रों को निर्देश दिए गए हैं कि वे कक्ष निरीक्षकों का ब्योरा अपने पास रखें। संदेह होने पर उनका भी परीक्षण कराया जा सकता है।
परीक्षा 18 नवंबर को दो पालियों में होगी।
पहली पाली सुबह 10 बजे से दोपहर 12:30 बजे तक प्राथमिक स्तर और दोपहर 2:30 बजे से शाम 5 बजे तक उच्च प्राथमिक स्तर की परीक्षा आयोजित की जाएगी। जिले में 87 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। जिनपर करीब 40 हजार से ज्यादा परीक्षार्थी सम्मिलित होंगे। परीक्षार्थियों को आधा घंटा पहले परीक्षा कक्ष में प्रवेश दिया जाएगा।
वहीं पौन घंटे पहले वे परीक्षा केंद्र में प्रवेश कर सकेंगे। परीक्षार्थियों को किसी भी प्रकार का इलेक्ट्रॉनिक सामान व किताब-कॉपी लेकर परीक्षा केंद्र के अंदर प्रवेश करने पर मनाही है। ऐसी कोई भी वस्तु पाए जाने पर उनको बाहर कर दिया जाएगा।
परीक्षार्थियों को प्रवेश पत्र के अलावा दो पहचान पत्र साथ लाना होगा। इसके अलावा प्रशिक्षण सर्टिफिकेट की मूल प्रति भी साथ लानी होगी। परीक्षा से पहले प्रश्नपत्र और उत्तर पुस्तिका का पैकेट खोले जाने व परीक्षा उपरांत परीक्षा सामग्री को सील किए जाने पर वीडियोग्राफी कराई जाएगी।