डॉ. एपीजे अब्दुल कलाम प्राविधिक विश्वविद्यालय
- फोटो : amar ujala
डॉ. एपीजे अब्दुल कलाम प्राविधिक विश्वविद्यालय की परीक्षा में बुधवार को ग्रेटर नोएडा के आईटीएस कॉलेज में मोबाइल से सामूहिक नकल पकड़ी गई। परीक्षा केंद्र निरस्त करने के साथ ही कॉलेज पर पांच लाख रुपये का जुर्माना भी लगाया गया है। वहां एमबीए के 200 परीक्षार्थियों की परीक्षा हो रही थी।
एकेटीयू के मीडिया प्रभारी आशीष मिश्रा ने बताया कि आईटीएस कॉलेज परीक्षा केंद्र पर सामूहिक नकल की सूचना मिली थी। जांच में मामला सही पाया गया। इसके तुरंत बाद इस परीक्षा केंद्र की बुधवार की तीनों पाली की परीक्षाएं निरस्त कर दी गईं। इन परीक्षाओं के दोबारा आयोजन की तारीख जल्द घोषित की जाएगी। आईटीएस कॉलेज परीक्षा केंद्र में होने वाली आगामी परीक्षाओं के लिए जीएल बजाज कॉलेज, ग्रेटर नोएडा को सेंटर बनाया गया है। परीक्षार्थियों को इसकी सूचना एसएमएस से दे दी गई है।
बिना सीसीटीवी दे दिया स्वकेंद्र का लाभ
कोरोना संक्रमण को देखते हुए एकेटीयू तीन पाली में परीक्षा करा रहा है। परीक्षा केंद्रों की संख्या भी ज्यादा रखी गई थी। ज्यादातर कॉलेजों को स्वकेंद्र सुविधा का लाभ दिया गया है। दावा था कि सीसीटीवी कैमरों की निगरानी में परीक्षा होगी। इसके बावजूद 172 में से 100 परीक्षा केंद्रों पर ही सीसीटीवी कैमरे की व्यवस्था हो सकी। आईटीएस कॉलेज में भी सीसीटीवी की व्यवस्था नहीं थी, इसके बावजूद इसे स्वकेंद्र सुविधा का लाभ दे दिया गया।
पर्यवेक्षकों की भूमिका भी संदिग्ध
सामूहिक नकल में पर्यवेक्षकों की भूमिका भी संदिग्ध नजर आ रही है। परीक्षा केंद्र पर सीसीटीवी कैमरे न लगे होने और इसी कॉलेज के विद्यार्थियों की परीक्षा होने के बावजूद पर्यवेक्षक मुस्तैद नहीं नजर आए। वे सामूहिक नकल से बिल्कुल बेखबर थे। एकेटीयू को सामूहिक नकल की सूचना किसी तीसरे व्यक्ति से मिली।
98 फीसदी से ज्यादा रही उपस्थिति
एकेटीयू की परीक्षा में बुधवार को बीटेक, बीफार्मा और एमबीए पाठ्यक्रम के पेपर हुए। परीक्षा में बुधवार की उपस्थिति 98 फीसदी से भी ज्यादा रही। पहली पाली में 17,650 में से 17314, दूसरी पाली में 16,596 में से 16,223 और तीसरी पाली में 16,788 में से 16,544 परीक्षार्थी उपस्थित रहे।