मॉब लिंचिंग के खिलाफ 26 से शुरू होगी मुहिम
लखनऊ। मॉब लिंचिंग के खिलाफ मुहिम के साथ आत्मरक्षा के लिए हथियार रखने व उसके लाइसेंस के प्रति जागरूक किया जाएगा। इसकी शुरुआत लखनऊ से 26 जुलाई को शुरू की जाएगी। शनिवार को मौलाना कल्बे जव्वाद व एडवोकेट महमूद प्राचा ने पत्रकारों से बातचीत में ये बातें कहीं।
मौलाना कल्बे जव्वाद व एडवोकेट महमूद प्राचा ने मॉब लिंचिंग में हो रहीं हत्याओं को लेकर दुख व्यक्त किया। साथ ही एलान किया कि 26 जुलाई को लखनऊ में एक आम जलसा कर मॉब लिंचिंग का विरोध किया जाएगा। इस दौरान यहां आने वाले लोगों को आत्म रक्षा के लिए कानूनी हथियार के इस्तेमाल की जानकारी दी जाएगी। साथ ही हथियार का लाइसेंस लेने के लिए जानकारी के साथ जागरूक किया जाएगा। टीले वाली मस्जिद के इमाम मौलाना अब्दुल मन्नान ने कहा कि आत्म रक्षा करना हर मजहब में सिखाया गया है। इसको कानून के दायरे में उपयोग करने के लिए लोगों को जागरूक करना जरूरी है।