सरोजनीनगर विधायक डॉ. राजेश्वर सिंह।
राजधानी लखनऊ में भाजपा विधायक डॉ. राजेश्वर सिंह ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को पत्र लिखकर व्यापारियों के प्रति प्रशासनिक कार्रवाइयों में संवेदनशीलता बरतने का आग्रह किया है। उन्होंने जनहित और सुशासन के बीच संतुलन बनाए रखने पर जोर दिया, विशेषकर छोटे व्यापारियों और आम नागरिकों के मामलों में।
डॉ. सिंह ने अपने पत्र में कहा कि उत्तर प्रदेश आज विकास एवं सुशासन का राष्ट्रीय मॉडल बनकर उभरा है और जनता का सरकार पर विश्वास लगातार मजबूत हुआ है। ऐसे में आम नागरिकों, छोटे व्यापारियों, रेहड़ी-पटरी व्यवसायियों और निम्न मध्यम वर्गीय परिवारों के हितों का भी संवेदनशीलता के साथ ध्यान रखा जाना आवश्यक है।
भू-माफियाओं के खिलाफ कार्रवाई में कोई ढील नहीं हो
उन्होंने आगाह किया कि छोटी-छोटी बातों पर अत्यधिक चालान, अनावश्यक नोटिस या बिजली विच्छेदन जैसी कठोर कार्रवाइयां जन-असंतोष पैदा कर सकती हैं। इससे विपक्ष को सरकार के खिलाफ माहौल बनाने का अवसर मिल सकता है। इसके साथ ही उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि माफिया और भू-माफियाओं के खिलाफ कार्रवाई में कोई ढील नहीं होनी चाहिए।