राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की 150वीं जयंती पर हुए विधानमंडल के विशेष सत्र में सदस्यों ने गुरुवार को विधानसभा में सतत विकास लक्ष्य पर चर्चा में बापू, मोदी और योगी के गुणगान के साथ क्षेत्र की समस्याएं गिनाईं और समाधान भी सुझाए। सदस्यों ने अपने लिए भी झोली फैलाई। सबसे ज्यादा सदस्य तब खुश नजर आए जब विधायक राजेश कुमार मिश्र ने किसानों की भलाई के लिए फ्री बिजली की मांग से माहौल बनाया और अगले ही क्षण विधायकों के लिए एक-एक फार्च्यूनर की मांग उठा दी।
राजेश ने कहा कि क्षेत्रीय जनता का रात में दो बजे भी फोन आता है तो विधायक जाता है। अफसरों को गाड़ी दी जाती है, लेकिन बड़ी घटना न हो तो वे भी नहीं जाते। ऐसे में जन समस्याओं के त्वरित समाधान के लिए सभी विधायकों को एक-एक गाड़ी दी जाए। उन्होंने विधानसभा अध्यक्ष से आग्रह किया कि वे इसके लिए सरकार को निर्देश दें।
हंसी और मेजों की थाप के बीच अध्यक्ष ने पूछा आप चाहते क्या हैं? सदस्यों ने मेजे थपथपाकर राजेश के सुर में सुर मिलाया तो राजेश ने कहा कि फार्च्यूनर न मिले तो इनोवा ही मिल जाए। अध्यक्ष ने कहा कि, शाही जी (सूर्य प्रताप शाही कृषि मंत्री जो सदन में मौजूद थे) से मिल लेना...सभी समस्याओं का हल हो जाएगा।
लेकिन राजेश रुके नहीं कहा कि 100 हैंडपंप मिला था। जहां जाइए जनता हैंडपंप ही मांगती है। इसलिए 250-250 हैंडपंप दे दें। 5 करोड़ की सड़क दी गई, अच्छी बात। 5 करोड़ की सड़क और दे दी जाए। इस पर घंटो से बैठे, अलसाए कई सदस्य भी जोश में मेज थपथपाने लगे। सदन में कई बार ठहाके भी लगे।
राणा प्रताप व लक्ष्मीबाई को पढ़ाएं
सुनील दत्त द्विवेदी ने कहा कि बस्ता भारी, ज्ञान हल्का हो रहा है। उन्होंने पाठ्यक्रमों से तैमूर, चंगेज खां और बाबर का इतिहास हटाने और महाराणा प्रताप, लक्ष्मीबाई जैसी शख्सियतों का इतिहास पढ़ाने की मांग की।
उन्होंने अपने क्षेत्र की समस्याओं का मुद्दा भी उठाया। विपक्ष पर निशाना साधते हुए सुनील ने कहा- वे सुनें ना सुनें अपना जारी रखें, अवाम सुन रही है, दास्तान जारी रख उनके हाथ का पत्थर, रहम नहीं खाएगा, अपनी उड़ान जारी रखें।