बलात्कार के मामले में विधायक कुलदीप सेंगर की सह आरोपी शशि सिंह की रिमांड अवधि बृहस्पतिवार को पूरी हो गई। सीबीआई ने उसे महिला कारागार भेज दिया है। 15 अप्रैल को सीबीआई ने शशि सिंह को न्यायालय में पेश किया था, जहां से उसे 19 अप्रैल तक के लिए सीबीआई रिमांड पर भेज दिया गया था।
इस पूरे मामले की मॉनीटरिंग दिल्ली से आए सीबीआई के वरिष्ठ अफसर कर रहे हैं। डायरेक्टर फॉरेंसिक राकेश अस्थाना पिछले दो दिनों से लखनऊ में हैं। बृहस्पतिवार को उन्होंने अलग-अलग टीमों के साथ अब तक की गई तफ्तीश के बारे में जानकारी हासिल की।
सूत्रों का कहना है कि इस पूरे घटना क्रम में डिजिटल एविडेंस भी काफी महत्वपूर्ण होंगे। इस मामले से जुड़े कई वीडियो और ऑडियो वायरल हो रहे हैं। सीबीआई इसकी जांच कर रही है। साथ ही सूत्रों का दावा है कि विधायक की ओर से चार जून का वीडियो भी उपलब्ध कराया गया है, जिसमें उसके कानपुर में एक कार्यक्रम में होने की पुष्टि हो रही है। हालांकि सीबीआई की ओर से इस बारे में अब तक कुछ नहीं बताया गया है।
किशोरी के पिता पर मारपीट व आर्म्स ऐक्ट का मुकदमा दर्ज कराने वाला किशोरी का चचेरा भाई आरोपी की मौत के बाद से लापता है। भाई की तहरीर पर पुलिस ने गुमशुदगी का मुकदमा दर्ज किया है।
माखी थाना क्षेत्र निवासी टिंकू सिंह ने 3 अप्रैल को किशोरी के पिता (अब मृतक) के खिलाफ मारपीट और आर्म्स ऐक्ट का मुकदमा दर्ज कराया था। माखी थाने में दी गई तहरीर में टिंकू सिंह के भाई भूपेंद्र सिंह ने बताया कि 9 अप्रैल सुबह करीब दस बजे उसका भाई घर से निकला था। इसके बाद से वापस नहीं आया। माखी थाना के एसओ राजेश सिंह ने बताया कि तहरीर के आधार पर मामला दर्ज कर जांच की जा रही है।