लखनऊ। अवैध खनन की शिकायत करने वाले भाजपा के बूथ अध्यक्ष पर ही इंदिरानगर थाने के एक दरोगा ने मुकदमा दर्ज कर दिया। इसके विरोध में रविवार को बख्शी का तालाब के विधायक अविनाश त्रिवेदी समर्थकों के साथ इंदिरानगर थाने में धरने पर बैठ गए। उन्होंने उपनिरीक्षक पर कार्रवाई की मांग की। इस पर डीसीपी (मध्य) ने आरोपी उपनिरीक्षक को लाइन हाजिर करते हुए मामले की जांच कराने के निर्देश दिए हैं।
बीकेटी विधायक अविनाश त्रिवेदी रविवार को चिनहट की पार्षद के पति अरुण राय, पूर्व पार्षद रुद्र प्रताप सिंह मुन्ना आदि तमाम समर्थकों के साथ इंदिरानगर थाने पहुंचे और धरने पर बैठ गए। विधायक ने इंदिरानगर थाने के उपनिरीक्षक दीवान असलम पर कार्रवाई की मांग की। कहा कि क्षेत्र में अवैध खनन हो रहा है। भाजपाइयों ने पुलिस से इसकी शिकायत की थी। इस पर उपनिरीक्षक दीवान असलम ने भाजपा के बूथ अध्यक्ष के खिलाफ ही केस दर्ज करा दिया। मामले की जानकारी पर डीसीपी (मध्य) देवेश पांडेय इंदिरानगर थाने पहुंचे। विधायक ने उपनिरीक्षक की शिकायत करते हुए कार्रवाई की मांग की। इस पर डीसीपी ने उपनिरीक्षक दीवान असलम को लाइन हाजिर करने के साथ ही मामले की जांच के निर्देश दिए हैं।