एलडीए में तैनात मुख्य अभियंता चक्रेश जैन पर बाराबंकी के रामनगर विधायक शरद कुमार अवस्थी ने काम का भुगतान कराने के लिए पैसे की मांग करने का आरोप लगाया है। मुख्यमंत्री को भेजे पत्र में विधायक ने जांच कराने की मांग की है।
विधायक ने पत्र में कहा है कि बसंतकुंज योजना के सेक्टर एन में ठेकेदार फर्म एशिया कंस्ट्रक्शंस प्रधानमंत्री आवासों का निर्माण कर रही है।
फर्म के प्रतिनिधि ने बताया कि उनके कामों के भुगतान की फाइल अधीक्षण अभियंता से हाल ही में प्रोन्नत हुए मुख्य अभियंता चक्रेश जैन के पास गई थी। फर्म के प्रोपराइटर को अपने कार्यालय में बुलाकर भुगतान नहीं कराने और ब्लैकलिस्ट करने की धमकी दी। यह भी कहा गया कि फाइलों पर आपके द्वारा पैसा नहीं दिया जाता है। ऐसी शिकायतें दूसरी फर्मों से भी मिली हैं। इससे सरकार की छवि धूमिल होती है। इसकी जांच कर आरोपी मुख्य अभियंता के खिलाफ कार्रवाई होनी चाहिए। विधायक का कहना है कि फर्म की शिकायत पर मुख्यमंत्री को पत्र जांच कराने के लिए भेज दिया गया है।
राइट्स की आपत्ति दूर नहीं कर रहा ठेकेदार
मुख्य अभियंता चक्रेश जैन का कहना है कि वीसी के निर्देश पर ठेकेदार फर्म को थर्ड पार्टी जांच करने वाली राइट्स की आपत्तियों को दूर करने और उनको नोट शीट पर लाने के लिए कहा गया था। यह करने के लिए ठेकेदार फर्म तैयार नहीं है। ऐसा करने के लिए ठेकेदार को केवल कहा गया था। यह बाकी ठेकेदार फर्मों को भी कहा गया है। जिस ठेकेदार फर्म का जिक्र है, उसके कामों को लेकर लगातार सृष्टि अपार्टमेंट में भी सवाल उठे हैं। अधूरे कामों के चलते फर्म के खिलाफ जुर्माना भी एलडीए ने लगाया हुआ है। जनप्रतिनिधि के लगाए गए आरोप पूरी तरह गलत हैं।