अयोध्या। केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (सीबीएसई) के सचिव को जिला विद्यालय निरीक्षक अयोध्या डॉ. पवन कुमार तिवारी ने बृहस्पतिवार को एमजेएस एकेडमी, नंदीग्राम भरतकुंड की मान्यता (एनओसी) निरस्त करने की संस्तुति भेजी गई है।
मामला शिकायतकर्ता श्रीकांत पांडेय निवासी ग्राम बढ़नपुर, थाना बीकापुर से संबंधित है। शिकायत में आरोप है कि उनके पुत्र आयुष पांडेय (कक्षा 10ए) एवं शिवाकांत पांडेय (कक्षा 7ए) के साथ 27 अप्रैल 2026 को विद्यालय परिसर में अन्य छात्रों के अभिभावकों एवं कुछ व्यक्तियों के माध्यम से मारपीट, शारीरिक-मानसिक उत्पीड़न तथा धमकी दी गई। शिकायत के अनुसार, मामले की जानकारी देने पर विद्यालय प्रबंधन ने अभद्र व्यवहार किया और छात्रों को विद्यालय से निष्कासित करने की कार्रवाई की। इसके बाद अभिभावक ने जिला प्रशासन से शिकायत कर दी। जिलाधिकारी अयोध्या के आदेश पर गठित जांच टीम, जिसमें जिला विद्यालय निरीक्षक एवं प्रधानाचार्य राजकीय इंटर कॉलेज शामिल थे, ने विद्यालय का निरीक्षण किया। जांच के दौरान सीसीटीवी फुटेज प्रस्तुत नहीं किया जा सका और प्रबंधन की ओर से केवल पेन ड्राइव में सामग्री उपलब्ध कराने की बात कही गई।
डीआईओएस ने अपनी रिपोर्ट में बताया कि विद्यालय प्रबंधन की कार्यशैली से छात्रों की सुरक्षा, अनुशासन एवं शिकायत निवारण व्यवस्था प्रभावित हुई है और सीबीएसई बोर्ड की छवि पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ा है।
इन्हीं तथ्यों के आधार पर एमजेएस एकेडमी की सीबीएसई मान्यता (एनओसी) निरस्त करने की संस्तुति सचिव, सीबीएसई नई दिल्ली को भेज दी गई है।