कांग्रेस के प्रभारी महासचिव मधुसूदन मिस्त्री ने कांग्रेस नेताओं को आपसी तालमेल बनाकर काम करने की नसीहत दी। उन्होंने प्रदेश कांग्रेस केप्रवक्ताओं की भी क्लास ली।
उन्होंने कहा कि अगली बार जब वह आएंगे तो बताएंगे कि नरेन्द्र मोदी से निपटने के लिए कैसी रणनीति अपनाई जाए। प्रवक्ताओं को सोशल मीडिया पर भी ध्यान देने के साथ-साथ मीडिया से बेहतर संबंध बनाने और सतत संवाद कायम रखने की सीख भी दी।
कांग्रेसियों ने पुराने निष्ठावान कार्यकर्ताओं के बजाय पार्टी छोड़कर जाने और फिर दोबारा लौटने वालों को ज्यादा तरजीह दिए जाने पर नाराजगी का इजहार करते हुए पार्टी नेतृत्व को इस ओर ध्यान देने का अनुरोध किया।
अपने दौरे के दूसरे दिन बुधवार को फैजाबाद रवाना होने से पहले मिस्त्री ने प्रदेश कांग्रेस प्रवक्ताओं और लखनऊ जिला कांग्रेस कमेटी के पदाधिकारियों के साथ बैठक की।
कुछ नेताओं ने उनसे अलग से भेंट की। मिस्त्री ने प्रवक्ताओं से कामकाज के बारे में जानकारी ली और मीडिया का ज्यादा से ज्यादा सहयोग लेने के लिए सतत संवाद पर जोर दिया।
उनका कहना था कि प्रदेश कांग्रेस को सोशल मीडिया पर भी ध्यान देना चाहिए क्योंकि इसके जरिये भी बड़े वर्ग तक पहुंच बनाई जा सकती है।
उन्होंने प्रवक्ताओं को सीख दी कि किसी भी मुद्दे पर पूरी तैयारी के साथ मीडिया के सामने आएं। जिला कांग्रेस कमेटी के पदाधिकारियों की बैठक में पार्टी छोड़़कर जाने तथा फिर लौटकर आने वालों को ज्यादा तरजीह दिए जाने का मामला उठा।