लापता युवक का शव मिला, हत्या का आरोप
लखनऊ। पीजीआई इलाके के वृंदावन सेक्टर- 6 निवासी अंकुश कनौजिया (26) का शव शनिवार सुबह बरौली रेलवे पुल के नीचे पड़ा मिला। उनके चाचा अजीत ने हत्या का आरोप लगाया है। अंकुश एक मई को दावत में जाने की बात कहकर बाइक से निकला था। शुक्रवार को उसकी बाइक लावारिस हालत में रेलवे पुल के पास मिली थी। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मौत का कारण हेड इंजरी आया है। शरीर पर सिर के अलावा भी कई जगह चोट के निशान मिले हैं।
मूलरूप से बाराबंकी के कुर्सी बल्ला परेवा निवासी अंकुश पिता प्रेम के साथ रहते थे। प्रेम कपड़ा धुलाई का काम करते हैं। अंकुश सेक्टर-11 स्थित घर में खाना बनाने का काम करता था। उनके चाचा अजीत के मुताबिक एक मई को अंकुश दावत में जाने की बात कहकर बाइक लेकर निकला था। उसके न लौटने पर पिता ने फोन किया पर उसने कॉल नहीं उठाई। शुक्रवार सुबह अंकुश की बाइक पुल पर लावारिस हालत में खड़ी मिली। पुलिस ने वाहन नंबर की मदद से छानबीन की तो पता अलीगंज का निकला, पर मालिक का कुछ पता नहीं चल सका।
शनिवार की सुबह लोगों ने पुल के नीचे अंकुश का शव पड़ा देखा। सूचना पर पहुंची पीजीआई पुलिस ने मोबाइल फोन व अन्य दस्तावेज से शव की पहचान की और खबर परिजनों को दी। कुछ ही देर में अंकुश के परिजन भी पहुंच गए और शिनाख्त की। इंस्पेक्टर धीरेंद्र सिंह ने बताया कि ऐसा प्रतीत हो रहा था कि युवक की मौत नशे की हालत में पुल से नीचे गिरने के कारण हुई है।
पुल के ऊपर से फेंककर हत्या का आरोप
मृतक के चाचा अजीत ने मामले में हत्या की आशंका जाहिर करते हुए घर के पास रह रही महिला रिश्तेदार के तीन भाइयों और उसके पति से पूछताछ की मांग की है। उन्होंने भतीजे को पुल के ऊपर से फेंक कर मार देने की आशंका जताई है। उनके अनुसार अंकुश का भाई अनिल आठ माह पहले महाराष्ट्र के भुसावल से लापता हो गया था। दूसरा भाई नीरज गुजरात में नौकरी करता है। अनिल तीसरे नंबर पर था और छोटा भाई छोटू है।