लखनऊ। चौक के चरक चौराहे के पास शुक्रवार सुबह नाले में वजीरगंज के छांछीकुआं निवासी मानवेंद्र श्रीवास्तव (48) का शव मिला। 22 जनवरी को घर से निकलने के बाद वह गायब थे। पुलिस व परिजनों का कहना है कि मौत नाले में गिरने से हुई है।
इंस्पेक्टर चौक नागेश उपाध्याय ने बताया कि लोगों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने दमकल कर्मियों की मदद से नाले से शव निकलवाया। युवक के शरीर पर बनियान, ब्लैक इनर, शर्ट और काले रंग का हाफ लोअर था। इस बीच मानवेंद्र के परिजनों को नाले में शव मिलने की खबर मिली। वे मौके पर पहुंचे और शव की पहचान मानवेंद्र के रूप में की।
भाई प्रवीण श्रीवास्तव ने बताया कि मानवेंद्र 22 को घर से बगैर बताए निकले थे। परिजनों ने अगले दिन वजीरगंज थाने में उनकी गुमशुदगी दर्ज कराई थी। इसके बाद से वे उन्हें तलाश रहे थे। भाई ने बताया कि मानवेंद्र मानसिक रूप से बीमार थे। उन्हें मिर्गी का दौरा भी आता था। इंस्पेक्टर का कहना है कि परिजनों ने कोई आरोप नहीं लगाया है।