लखनऊ। गुडंबा इलाके के एक गांव से मंगलवार शाम से लापता आठ वर्षीय बालक का शव बुधवार की सुबह गांव में ही स्थित तालाब में उतराया मिला। नित्यक्रिया के लिए गए मृतक के बड़े भाई ने शव को देखा। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में इस बात का खुलासा हुआ है कि बालक का मुंह दबाकर हत्या की गई थी। आशंका है कि उसके साथ दुष्कर्म किया गया था।
बालक के पिता किसान हैं। उन्होंने बताया कि बेटा कक्षा तीन में पढ़ता था। मंगलवार शाम करीब छह बजे वह घर से निकला था। इसके बाद वह नहीं लौटा। आसपास खोजबीन के बाद कुछ पता न चलने पर उन्होंने गुडंबा थाने में गुमशुदगी दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया कि सुबह बड़ा बेटा नित्यक्रिया के लिए घर से करीब 400 मीटर दूर स्थित तालाब के पास गया था। वहां उसने छोटे भाई का शव उतराते देखा और शोर मचाया। परिजनों ने ग्रामीणों की मदद से शव को बाहर निकाला।
बालक के माथे के बायीं ओर गहरे जख्म का निशान था। होंठ, गले और नाक पर भी चोटें थीं। इंस्पेक्टर गुडंबा प्रभातेश कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि मृतक के पिता ने किसी से भी दुश्मनी होने से इन्कार किया है। दो डॉक्टरों के पैनल ने शव का पोस्टमार्टम किया। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में खुलासा हुआ है कि बालक की मुंह दबाकर हत्या की गई है।
नशेड़ियों पर शक, दो हिरासत में
हत्याकांड की जांच पुलिस व क्राइम ब्रांच की टीमें कर रही हैं। सूत्र बताते हैं कि वारदात के पीछे गांव के ही किसी व्यक्ति का हाथ हो सकता है। पुलिस को नशेड़ियों पर शक है। शक के आधार पर दो लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।
बेटे का शव देख बेसुध हुए माता-पिता
बालक के परिवार मां-पिता और पांच बड़े भाई हैं। बेटे का शव देख मां की चीख निकल गई। पिता अपने दिल के टुकड़े को एकटक देखते रहे। परिवार में सबसे छोटा होने की वजह से वह सबका लाडला था। मासूम की मौत की खबर कुछ ही देर में पूरे गांव में फैल गई। लोगों की भीड़ बच्चे के घर के बाहर जमा हो गई।