राजधानी लखनऊ के सरोजनीनगर में मंगलवार को थार सवार बदमाशों ने कानपुर नगर के सैयद नगर रावतपुर निवासी फिदा हुसैन को अगवा कर बुरी तरह पीटा। फिर 1.54 लाख रुपये लूट लिए। इसके बाद बदमाश पीड़ित को कानपुर के रनिया में छोड़कर भाग गए। पीड़ित ने सरोजनीनगर थाने में पांच आरोपियों के खिलाफ लूट, अपहरण और पिटाई की धारा में एफआईआर दर्ज कराई है।
फिदा हुसैन के मुताबिक, कुछ दिन पहले वह सरोजनीनगर की जयराजपुरी कॉलोनी में रहने वाले अपने रिश्तेदार के घर आए थे। तीन फरवरी को अपने घर लौटने के लिए वह सुबह 09 बजे स्कूटर इंडिया चौराहे पर पहुंचे थे। वह सवारी वाहन का इंतजार कर रहे थे। तभी एक काली थार उनके पास रुकी। थार में चालक व चार अन्य लोग सवार थे।
फिदा से चालक ने उन्हें कानपुर तक लिफ्ट देने की बात कही और थार में बैठा लिया। पीड़ित ने बताया कि थोड़ी दूर चलने के बाद आरोपी ने थार सुनसान रास्ते की ओर मोड़ दी। उन्होंने जब विरोध किया तो बदमाशों ने पीटना शुरू कर दिया।फिदा से बदमाशों ने 54 हजार रुपये नकद, कीमती घड़ी और मोबाइल फोन लूट लिया।
जनसेवा केंद्र पहुंचकर ऑनलाइन निकाले एक लाख
पीड़ित ने बताया कि सारा सामान लूटने के बाद बदमाश उन्हें फिर से पीटते हुए जनसेवा केंद्र ले गया। वहां उनके खाते से ऑनलाइन एक लाख रुपये और निकाल लिए। इसके बाद आरोपी देर शाम को उन्हें कानपुर के रनिया में ले गए और वहां छोड़कर भाग निकले। घटना से बुरी तरह से डरे सहमे फिदा घर पहुंचे और परिवार वालों को घटना की जानकारी दी।
अगले दिन वह सरोजनीनगर थाने पहुंचे और तहरीर दी। इंस्पेक्टर राजदेव प्रजापति के मुताबिक शिकायत के आधार पर अज्ञात आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है। मामले के खुलासे के लिए पुलिस की दो टीमें गठित की गई हैं। पहली टीम पीड़ित से थार का नंबर जानने का प्रयास कर रही है। जबकि दूसरी टीम साथ घटनास्थल व आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज देखने में जुटी है।