फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Acid Attack: लखनऊ में एसिड अटैक की सनसनीखेज वारदात, दबंगों ने घर में घुसकर मां-बेटे पर डाला तेजाब, दोनों झुलसे

Sun, 29 Jan 2023 08:05 PM IST
शाहरुख खान अमर उजाला नेटवर्क, लखनऊ

सार

लखनऊ के गोमतीनगर के विराम खंड- 3 में बाइक सवार दो दबंगों घर में घुसकर मां-बेटे पर एसिड फेंक दिया। एसिड अटैक में मां-बेटा झुलस गए। वारदात को अंजाम देकर आरोपी फरार हो गए। पुलिस जांच में जुटी है।
विज्ञापन
सीसीटीवी में कैद हुए आरोपी - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

लखनऊ में गोमतीनगर के विराम खंड-3 इलाके में शनिवार रात दो बदमाशों ने एक मकान का दरवाजा खटखटाया। दरवाजा खुलते ही नाम पूछा और युवक पर एसिड फेंक दिया। मां ने बचाव की कोशिश की तो उस पर भी एसिड उड़ेल दिया। चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग पहुंचे, तब तक बदमाश फरार हो गए। एसिड से झुलसे मां-बेटे को सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया है। दोनों की हालत गंभीर है। पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर सीसीटीवी फुटेज व सर्विलांस की मदद से बदमाशों की तलाश शुरू की है।
विज्ञापन


विराम खंड-3 निवासी सेना राम वर्मा पेशे से पेंटर हैं। वह पत्नी अनीता व दो बेटे आकाश, विकास के साथ रहते हैं। आकाश के मुताबिक शनिवार रात करीब 9:30 बजे किसी ने दरवाजा खटखटाया। मां अनीता दरवाजा खोलने पहुंचीं। दरवाजा खुलते ही दोनों युवकों ने उनसे विकास का नाम लेकर पूछा। इस पर मां ने विकास को बुलाया। जैसे ही विकास वहां पहुंचा वैसे ही उस युवक ने बोतल से एसिड उड़ेल दिया। अनीता बेटे को बचाने का प्रयास करने लगी। उन पर भी एसिड फेंका और फिर फरार हो गए। दोनों चीखते-चिल्लाते हुए जमीन पर गिर गए। अन्य परिवारीजन व आसपास के लोग वहां पहुंचे। तत्काल मां-बेटे को पहले लोहिया अस्पताल ले जाया गया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद दोनों को सिविल अस्पताल ले जाकर भर्ती कराया गया।

विज्ञापन


चेहरा गंभीर रूप से झुलसा, शरीर भर में पड़े छींटे
विकास के चेहरे की दाईं तरफ सबसे अधिक एसिड गिरा। आंख भी प्रभावित हुई। कंधा व गर्दन भी झुलसा है। मां अनीता के पूरे चेहरे, हाथ व पैर पर एसिड पड़ा। हालत ऐसी है कि वह सही से बोल तक नहीं पा रही हैं। वारदात से दोनों डरे हुए हैं। पुलिस ने जब उनसे जानकारी लेने का प्रयास किया तो वह ज्यादा जानकारी नहीं दे सकीं।

सीसीटीवी में पैदल आते दिखे हमलावर 
पुलिस ने मामले मेें अज्ञात पर केस दर्ज तहकीकात शुरू की तो पीड़ित के घर के पास एक मकान में लगे सीसीटीवी कैमरे के फुटेज खंगाले। इसमें दोनों हमलावर दिख गए। उनके हाथों में एसिड भरी बोतल दिख रही है। दोनों पैदल आए थे और पैदल ही वापस गए। आशंका है कि वह आसपास के रहने वाले हैं। ये भी हो सकता है कि कुछ दूरी पर उन्होंने बाइक आदि खड़ी की हो। जांच के बाद तथ्य स्पष्ट होंगे।

दो टीमें लगाईं
वारदात के खुलासे के लिए दो टीमें लगाई गई हैं। फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान करने का प्रयास जारी है। सर्विलांस की मदद से संदिग्ध मोबाइल नंबर चिह्नित किए जा रहे हैं। जल्द वारदात का खुलासा कर आरोपियों को पकड़ा जाएगा।
- सैयद अली अब्बास, एडीसीपी पूर्वी 
 
Trending Videos

टहलते वक्त कोई पीछा कर रहा था, घर पहुंचने के 10 मिनट बाद वारदात

एसिड अटैक में झुलसे विकास वर्मा ने पुलिस को कुछ अहम जानकारियां दीं। उनको आशंका है कि वारदात से कुछ समय पहले जब वह घर से कुछ दूरी पर टहल रहे थे तब कोई उनका पीछा कर रहा था। टहलकर जब वह घर लौटे तो करीब 10 मिनट बाद घर का दरवाजा खटखटाया गया। दरवाजे के खुलते ही वारदात को अंजाम दिया गया। पुलिस ने इस तथ्य को अपनी जांच में शामिल कर लिया है। इलाके में लगे करीब एक दर्जन सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाल रही है।

विकास के मुताबिक शनिवार रात करीब साढ़े आठ बजे खाना खाने के बाद टहलने के लिए घर से बाहर निकले थे। करीब पौन घंटे तक टहलने के बाद रात करीब 9:20 बजे घर लौटे थे। विकास ने बताया कि पैदल टहलते वक्त उनको ऐसा लग रहा था कि कोई उनका पीछा कर रहा था। इस बयान से पुलिस को आशंका है कि वारदात को अंजाम देने वाले पहले से रेकी कर रहे थे। शायद मौका नहीं मिला इसलिए उस वक्त हमला नहीं किया। जब वह घर पहुंचे तब निशाना बनाया। ये भी आशंका है कि क्या विकास ही टारगेट थे या उनके परिवार को कोई और उनके निशाने पर था। गोमतीनगर थानाध्यक्ष का कहना है कि जब आरोपी पकड़े जाएंगे तब सभी चीजें साफ होंगी।
विज्ञापन

चेहरा ढके हुए था एक हमलावर, कुंडी लगा हुए थे फरार

घायल अनीता ने बताया कि दोनों में से एक हमलावर ने अपना चेहरा ढक रखा था। पलक झपकते वारदात हुई। इसलिए कुछ समझ नहीं आया। जिसके चेहरे पर कुछ नहीं था, उसको भी वह पहचान न पाने की बात कह रही हैं। हमलावर जब फरार हुए तो मकान में बाहर से कुंडी लगा गए। पड़ोसियों ने कुंडी खोली।

रंजिश या आशनाई में वारदात की आशंका
विकास का बड़ा भाई आकाश एक रेस्टोरेंट में काम करता है। बहन कार की एक कंपनी में कार्यरत है। विकास सोशल मीडिया पर रील बनाता रहता है। पुलिस को आशंका है कि वारदात रंजिश या आशनाई में अंजाम दी गई। इसी पहलू पर जांच जारी है। 
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें