लखनऊ। नगराम में सोमवार को बाइक के कागज मांगने पर तीन दबंगों थाने में तैनात दरोगा अनुज भाटी से अभद्रता की। आरोपियों ने उनकी वर्दी फाड़ दी। नगराम पुलिस ने तीनों आरोपियों के खिलाफ चोट पहुंचाने और धमकाने की धारा में एफआईआर दर्ज की है। वहीं, एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
दरोगा अनुज भाटी के मुताबिक सोमवार रात नौ बजे वह हेड कांस्टेबल नितेश कुमार वर्मा के साथ एक मामले की विवेचना कर के लौट रहे थे। तभी रास्ते में बरकत नगर चौराहे के पास उन्हें सड़क के बीच में एक बिना नंबर प्लेट की बाइक खड़ी दिखी। इस बारे में दरोगा आसपास के लोगों से बाइक के बारे में पूछताछ करने लगे। तभी दुकान में बैठे महेंद्र ने सड़क पर खड़ी बाइक राहुल की बताई। दरोगा अनुज का आरोप है कि जब उन्होंने महेंद्र से बाइक के कागज मांगे तो दुकान के पीछे से गोसाईगंज के साहनखेड़ा निवासी धर्मेंद्र उर्फ बीरू, राहुल और नरेंद्र आए और उनसे गाली-गलौज करने लगे। विरोध पर राहुल ने दरोगा का कॉलर पकड़ लिया। धर्मेंद्र और नरेंद्र उनसे मारपीट पर आमादा हो गए।
दरोगा का आरोप है कि आरोपी राहुल ने दोबारा कागज मांगने पर उन्हें गोली मारने की धमकी दी और उनकी वर्दी फाड़ दी। यह देख हेड कांस्टेबल ने नगराम थाने को सूचना दी और धर्मेंद्र को पकड़ लिया। जबकि राहुल और नरेंद्र भाग निकले। थानाध्यक्ष विवेक कुमार चौधरी के मुताबिक अन्य दो आरोपियों की तलाश की जा रही है।