लखनऊ। एक महिला डॉक्टर ने ट्विटर पर अभद्र टिप्पणी करने वाले तथाकथित पत्रकार के खिलाफ हजरतगंज थाने में मुकदमा दर्ज कराया है। पीड़िता ने आरोपित के खिलाफ पुलिस को सभी टिप्पणी की स्क्रीन शॉट्स भी दिया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। आरोपित की तलाश के लिए साइबर सेल की मदद ली जा रही है।
प्रभारी निरीक्षक हजरतगंज श्याम बाबू शुक्ला के मुताबिक, पीड़िता की शिकायत पर अभद्रता सहित अन्य धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है। पीड़िता का आरोप है कि जितेंद्र शर्मा नाम के युवक ने ट्विटर पर उसका चरित्र हनन किया है। आरोपित जितेंद्र खुद को ट्विटर पर एक न्यूज चैनल का पत्रकार बता रहा था। पीड़िता ने योगी सरकार के पक्ष में एक ट्वीट किया था, जिसके जवाब में आरोपित ने उसका एक अश्लील वीडियो वायरल करने की धमकी दी थी।