उत्तर प्रदेश सरकार में राज्यमंत्री वसीम अहमद का फेसबुक अकाउंट पिछले दिनों हैक कर लिया गया। हैकर ने उनके अकाउंट से कई आपत्तिजनक पोस्ट डाल दिए। मंत्री ने साइबर सेल से कहकर अपना फेसबुक अकाउंट बंद करा दिया है।
आजमगढ़ के गोपालपुर से सपा विधायक व बेसिक शिक्षा व बाल विकास पुष्टाहार राज्यमंत्री वसीम अहमद ने बताया कि उनका फेसबुक अकाउंट करीब 20 दिन पहले हैक हो गया था।
हैकर ने उनके फेसबुक अकाउंट से प्रदेश सरकार, मुख्यमंत्री अखिलेश यादव और गोपालपुर से सपा प्रत्याशी के खिलाफ कई आपत्तिजनक पोस्ट किए। चार-पांच दिन पहले परिचितों के बताने पर राज्यमंत्री ने देखा तो उनकी फेसबुक वॉल पर राज्य सरकार और गोपालपुर के सपा प्रत्याशी के खिलाफ कई आपत्तिजनक कमेंट्स थे।
इस पर राज्यमंत्री ने अकाउंट बंद कराने और अज्ञात हैकर के खिलाफ कार्रवाई के लिए साइबर सेल को शिकायती पत्र भेजा। सीओ हजरतगंज अवनीश मिश्रा ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। अकाउंट बंद करवा दिया गया है। साइबर टीम हैकर की आईडी की पड़ताल में जुटी है।