फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

अधिकारी के प्रमोशन के खिलाफ उतरीं मंत्री स्वाति सिंह, बोलीं- न जारी हो आदेश

Fri, 29 Jun 2018 10:34 PM IST
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, लखनऊ
विज्ञापन
swati singh
विज्ञापन

मंडी परिषद में भ्रष्टाचार के आरोपी संयुक्त निदेशक (निर्माण) जेके सिंह के प्रमोशन के मुद्दे पर राज्यमंत्री स्वाति सिंह और प्रमुख सचिव, कृषि विपणन अमित मोहन प्रसाद के बीच रार खुलकर सामने आ गई है।

विज्ञापन


स्वाति सिंह ने जेके सिंह को सरकार की छवि धूमिल करने वाला बताते हुए उनकी पदोन्नति संबंधी आदेश जारी न करने के निर्देश दिए हैं। साथ ही इस निर्णय को शासनादेश का अनुचित लाभ पहुंचाने का उद्देश्य करार दिया है।

पिछले सप्ताह मंडी परिषद में प्रमोशन के लिए डीपीसी हुई थी। प्रमोशन पाने वालों में संयुक्त निदेशक (निर्माण) जेके सिंह का नाम भी है। जेके सिंह के खिलाफ शासन स्तर पर और विधानसभा संदर्भ समिति के सामने कई जांचें चल रही हैं।
विज्ञापन


उन पर सीमेंट घोटाले समेत भ्रष्टाचार के कई आरोपों की जांच टीएसी से कराई जा रही है। मंत्री स्वाति सिंह ने प्रमुख सचिव, कृषि विपणन को भेजे पत्र में कहा है कि पदोन्नति के लिए जो ब्रॉड शीट उपलब्ध कराई गई है, उसमें जेके सिंह के संबंध में बताया गया है कि इनके विरुद्ध कोई अनुशासनिक कार्यवाही लंबित नहीं है।

वहीं, शासन एवं विधानसभा संदर्भ समिति और विधान परिषद में इनके खिलाफ भ्रष्टाचार से संबंधित प्रश्न उठाए गए हैं। इससे विभाग और सरकार की छवि धूमिल हुई है।

मंत्री ने लिखा है कि कार्मिक विभाग द्वारा जारी शासनादेश के अनुसार अनुशासनिक कार्यवाही, अभियोजन की कार्यवाही, प्रशासनाधिकरण की जांचों और निलंबन को छोड़कर शेष स्थिति में पदोन्नति में कोई बाधा न होने की नीति जरूर निर्धारित की गई है।

इसका मतलब यह नहीं है कि शासनादेश का अनुचित लाभ पहुंचाने के उद्देश्य से गंभीर चर्चित शिकायतों पर कोई निर्णय न किया जाए, साथ ही भ्रष्ट अफसरों को प्रोन्नति के अवसर दिए जाएं।

स्वाति सिंह का कहना है कि जेके सिंह के बारे में वास्तविक तथ्यों को छिपाते हुए चयन समिति को गुमराह किया गया है। पत्र की प्रतिलिपि निदेशक, मंडी परिषद को भी भेजकर 29 जून की शाम तक वस्तुस्थिति से अवगत कराने के निर्देश दिए गए हैं।

मंडी परिषद के सूत्रों के मुताबिक, प्रमुख सचिव अमित मोहन प्रसाद और राज्यमंत्री स्वाति सिंह के बीच पहले भी तमाम मुद्दों पर एकराय नहीं बनती थी, लेकिन इस फैसले के चलते रार खुलकर सामने आ गई है।

वहीं, अमित मोहन प्रसाद ने बताया कि शुक्रवार देर रात तक उन्हें पत्र नहीं मिला था। यहां बता दें कि शासन स्तर पर विशेष सचिव की अध्यक्षता में गठित विभागीय प्रोन्नति समिति (डीपीसी) ने संयुक्त निदेशक (निर्माण) जेके सिंह की प्रोन्नति की संस्तुति कर दी है। इसके आधार पर उनकी प्रोन्नति का आदेश निदेशक, मंडी के स्तर से अभी जारी होना है। 

अमित मोहन से जब इस बारे में बात करने की कोशिश की गई तो उन्होंने कहा 'मैं अभी मथुरा में हूं। राज्यमंत्री स्वाति सिंह का पत्र अभी नहीं मिला है। सोमवार को पत्र देखने के बाद ही कुछ बता पाऊंगा।' वहीं मंडी परिषद के निदेशक रमाकांत पांडेय बोले कि प्रमोशन को लेकर राज्यमंत्री का लिखा पत्र शासन को प्रेषित कर दिया है। इस बारे में कोई भी जानकारी शासन से ही मिल सकती है।

और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें