कांग्रेस के गढ़ में आकर केंद्रीय वित्त राज्य मंत्री शिव प्रताप शुक्ला ने बिना नाम लिए अमेठी सांसद राहुल गांधी पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि हम लोग राजनीति में बदले की भावना से काम नहीं करते। हम शब्दों को कभी लांछन के रूप में प्रयुक्त नहीं करते।
संसद में पहली बार मजाक होते हुए देखा। बड़ा अच्छा लगा कि विपक्ष का कोई नेता प्रधानमंत्री से गले लगने आया, लेकिन जिस प्रकार कहा उठो-उठो, वह न तो उनकी और न ही प्रधानमंत्री की गरिमा के अनुरूप था।
फिर भी पीएम ने उठकर उनकी पीठ थपथाई, हाथ मिलाया। इतना ही नहीं, फिर अपने खेमे में जाकर अपने मित्रों को आंख मारकर दिखाया कि मैने क्या कर दिया। ऐसे बताया, जैसे जग जीत लिया हो। यह स्वच्छ राजनीति के लिए ठीक नहीं था।
केंद्रीय वित्त राज्यमंत्री शनिवार को शहर के घंटाघर स्थित प्रधान डाकघर में इंडिया पोस्ट पैमेंट्स बैंक के शुभारंभ के दौरान आयोजित कार्यक्रम में बोल रहे थे।
उन्होंने विपक्षी दलों को आडे़ हाथों लेते हुए कहा कि जो लोग जनधन खाते पर आवाज उठाते थे। उन्हें बताना चाहता हूं कि आज देश में खुले जनधन खाते में 76 हजार करोड़ रुपये जमा हैं। यही 76 हजार करोड़ रुपये उन लोगों को मुंह चिढ़ाने का काम कर रहे हैं, जो इस पर आवाज उठाकर भाजपा को कठघरे में खड़ा कर रहे थे।
मौजूदा केंद्र सरकार देश का विकास करा रही है। गरीबों को राशन देने के साथ ही किसानों को उनकी फसल का उचित लाभ दिलाने के लिए फसल की लागत को डेढ़ गुना कर दिया।
गरीब महिलाओं को रोटी बनाने में चूल्हा न फूंकने पड़े, इसके लिए मुफ्त गैस सिलेंडर दिलाए गए। इसके अलावा कई अन्य कार्य किए गए, जिससे जनता लाभान्वित हो रही है।