राजधानी में आलमबाग, बैकुंठधाम और गुलालाघाट श्मशानघाटों के जीर्णोद्घार पद दो-दो करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे।
इसके लिए बजट देने की घोषणा शनिवार को नगर विकास मंत्री आशुतोष टंडन गोपाल ने कुड़ियाघाट पर अपने पिता व पूर्व राज्यपाल लालजी टंडन की स्मृति में बनाए गए दसवां और क्रिया गृह के लोकार्पण कार्यक्रम में कहीं।
लालजी टंडन फाउंडेशन द्वारा बनवाए गए गृह का लोकार्पण उपमुख्यमंत्री डॉ. दिनेश शर्मा ने किया। उपमुख्यमंत्री डॉ. दिनेश शर्मा ने स्वर्गीय लालजी टंडन द्वारा शहर के लिए किए गए विकास कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि शहर में उनकी आत्मा बसती है।
उपमुख्यमंत्री डॉ. दिनेश शर्मा ने कहा कि बाबूजी की स्मृति का यह आयोजन सिर्फ स्मृति दिवस न बने बल्कि विकास की प्रक्रिया अनवरत चलती रहे।
नगर विकास मंत्री आशुतोष टंडन ने कहा कि आलबाग, बैकुंठधाम और गुलालाघाट का जीर्णोद्घार किया जाएगा। इसके लिए वह दो-दो करोड़ का बजट देंगे।
पूर्व मंत्री राधा मोहन सिंह ने कहा कि लालजी टंडन का जीवन समाज के लिए समर्पित रहा। इस मौके पर महापौर संयुक्ता भाटिया, राज्य सभा सदस्य संजय सेठ, विधायक नीरज बोरा, सुरेश तिवारी, अम्मार रिजवी, राधा मोहन सिंह, अपर मुख्य सचिव सूचना नवनीत सहगल मौजूद रहे।
शहर में लगेगी लालजी टंडन की आदम कम कांस्य प्रतिमा
पूर्व नगर विकास मंत्री और पूर्व राज्यपाल स्वर्गीय लालजी टंडन की आदम कद कांस्य की प्रतिमा शहर में लगाई जाएगी। यह प्रतिमा नगर निगम लगवाएगा। इस पर करीब दस लाख रुपये खर्च किए जाएंगे। तैयारी शुरू हो गई है। नगर निगम की ओर से उसका टेंडर भी जारी कर दिया गया। प्रतिमा कहां पर लगेगी अभी यह तय नहीं है, पर सूत्रों का कहना है कि प्रतिमा हजरतगंज में मल्टीलेवल पार्किंग के पास लगाई जाएगी।