नगर निगम के ठाकुरगंज स्थित कांजी हाउस से दबंग बृहस्पतिवार को 11 भैंस को जबरन बिना जुर्माना देकर निकाल ले गए। करीब 200 की संख्या मे पहुंचे डेयरी वालों ने पहले कांजी हाउस पर तैनात कर्मचारी को पकड़कर पीटा फिर चाबी छीनकर बंद अपनी भैंसें निकाल ले गए।
मामले में निगम कर्मचारी ने ठाकुरगंज थाने में सरकारी कार्य में बाधा, कर्मचारी को बंधक बनाकर चाबी छीनने, मारपीट करने और 11 भैंस की लूट का मुकदमा दर्ज कराने को तहरीर दी। पुलिस ने तीन लोगों को नामजद करने के साथ 200 अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है।
कांजी हाउस पर तैनात कर्मचारी इकबाल और पौंड मोहर्रिर धर्मदेव की ओर से दी तहरीर में कहा गया कि बुधवार को नगर निगम के कैटिल कैचिंग दस्ते ने फैजुल्लागंज प्रथम में बंधा रोड से 11 भैंस पकड़कर बंद की थीं। इसे लेकर निजाम पुत्र इसराज, शाहाबुद्दीन पुत्र इसराज और बलराम ने उसी शाम सात बजे कांजी हाउस पर आकर बवाल और कर्मचारियों से गाली-गलौज की थी।
इसकी सूचना 100 नम्बर पर दी गई। इसके बाद वे चले गए पर बृहस्पतिवार को फिर वही लोग करीब 200 अज्ञात लोगों के साथ पहुंचे और मारपीट कर कांजी हाउस से भैंस निकाल ले गए। मारपीट करने वाले कर्मचारी के 800 रुपए भी छीन ले गए।